गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश का गाजियाबाद डबल मर्डर से दहल उठा है। यहां क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीम नगर में दो सगे भाइयों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही बुजुर्ग मातापिता को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मामूली कहासुनी के बाद दीपक और ललित नाम के इन कलयुगी बेटों ने खून के रिश्तों का कत्ल करते हुए अपनी मां विमलेश और पिता गंगाशरण को इतनी बुरी तरह पीटा कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

बेरोजगारी और घरेलू कलह बनी हत्या की मुख्य वजह
स्थानीय लोगों और पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस दर्दनाक वारदात की मुख्य वजह बेरोजगारी और आपसी पारिवारिक कलह थी। मृतक पिता गंगाशरण इलाके में अखबार की एजेंसी चलाते थे, जबकि उनके दोनों बेटे दीपक और ललित कोई कामकाज नहीं करते थे। दोनों बेटों की शादी हो चुकी थी, लेकिन उनकी इसी बेरोजगारी और आए दिन के झगड़ों के कारण उनकी पत्नियां भी उन्हें छोड़कर अलग रहती थीं। बताया जा रहा है कि पिता अक्सर अपने बेटों को कोई नौकरी या कामधंधा करने की नसीहत देते थे, जिसे लेकर घर में हमेशा क्लेश रहता था। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर विवाद इतना भड़क गया कि बेटों ने अपने ही जन्मदाताओं की जान ले ली।
आधी रात को गूंजी चीखें, किरायेदार ने किया पुलिस को फोन
आसपास रहने वाले पड़ोसियों ने बताया कि देर रात घर के अंदर से अचानक भारी झगड़े और जोरजोर से चीखनेचिल्लाने की आवाजें आने लगी थीं। इस खौफनाक मंजर को देखकर और किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए वहां रहने वाले एक किरायेदार ने तुरंत पुलिस को फोन कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खून से लथपथ बुजुर्ग दंपती को आननफानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों पतिपत्नी को मृत घोषित कर दिया। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पड़ोस के लोग भी बुरी तरह सहमे हुए हैं।
दोनों कलयुगी बेटे पुलिस की हिरासत में, पूछताछ में खुलेंगे राज
डबल मर्डर की इस सनसनीखेज वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी बेटों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और हत्या की असल वजह तक पहुंचने के लिए दोनों भाइयों से अलगअलग बैठाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पड़ोसियों और किरायेदारों के भी बयान दर्ज कर रही है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में घरेलू कलह के साथसाथ संपत्ति विवाद का एंगल भी सामने आ रहा है, जिसे लेकर पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।



