चंडीगढ़ पंजाब की मोगा पुलिस ने एक आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। इसके साथ कई आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से खतरनाक हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि मोगा पुलिस ने एक आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए 17 आरोपियों को पकड़ा है। इसके साथ ही एक इम्प्रोवाइज़्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस , विस्फोटक सामग्री, एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और मैगजीन के साथ 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल बरामद की है।
डीजीपी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि इस साजिश का मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल है, जो अभी यूके में है और कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके कहने पर ही आरोपियों ने मोगा के सदर पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड से हमला किया और फ़िरोज़पुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में आईडी लगाने की योजना बनाई थी। मोगा के सदर पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल सभी साथियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है।
वहीं, पंजाब पुलिस ने एक एंटीगैंगस्टर हेल्पलाइन शुरू की है। इसके जरिए जनता से अपील की गई है कि वे वॉन्टेड अपराधियों को पकड़ने में मदद के लिए सीधे 9394693946 पर जानकारी दें। सारी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और जानकारी देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। गैंगस्टरों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 10 लाख रुपये तक का नकद इनाम दिया जाएगा।
गैंगस्टर से जुड़े किसी भी अपराध के मामले में जनता से अपील की जाती है कि वे तुरंत जानकारी दें ताकि अपराधियों को पकड़ने में पुलिस की मदद हो सके। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस आतंकी नेटवर्क को खत्म करने, देशविरोधी गतिविधियों को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।



