IndiaUttar Pradesh

लखनऊ में बाइक सवार भोजपुरी एक्टर की हादसे में मौत… रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने कुचला, दोस्त की हालत गंभीर

Lucknow Road Accident:उत्तर प्रदेश में रफ्तार का जानलेवा तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है. प्रदेश की राजधानी लखनऊ और क्रांतिधरा मेरठ से दो अलगअलग सड़क हादसों की दर्दनाक खबरें सामने आई हैं. लखनऊ के गुडंबा इलाके में मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार भोजपुरी फिल्म अभिनेता व निर्देशक को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है. उधर मेरठ के परतापुर में ड्यूटी से घर लौट रहे एक वृद्ध कर्मचारी को कैंटर ने बेरहमी से रौंद दिया. दोनों ही घटनाओं के बाद से मृतकों के परिवारों में मातम और चीखपुकार मची हुई है.

लखनऊ में बाइक सवार भोजपुरी एक्टर की हादसे में मौत… रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने कुचला, दोस्त की हालत गंभीर

राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर मंगलवार तड़के करीब 4 बजे यह भयानक हादसा हुआ. कुशीनगर के तुरपट्टी मूल निवासी 26 वर्षीय रोहित शर्मा अपने परिवार के साथ लखनऊ के चिनहट में रहते थे. वो भोजपुरी फिल्मों में अभिनय और निर्देशन के साथसाथ आईटीआई सेकेंड ईयर के छात्र भी थे. सोमवार शाम वह अपने दोस्त शोभित के साथ मलिहाबाद में एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में गए थे.

रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने मारी टक्कर

मंगलवार सुबह जब दोनों दोस्त बाइक से घर वापस लौट रहे थे, तभी टेढ़ी पुलिया से मुंशीपुलिया की तरफ जाते समय रिंग रोड पर टीवीएस शोरूम के पास हादसा हो गया. डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड से आ रहे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में सीधी और भीषण टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित का हेलमेट चकनाचूर हो गया और उनके सिर व दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला. सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके दोस्त शोभित का गंभीर हालत में इलाज जारी है.

परिवार का टूटा सहारा

रोहित के छोटे भाई मंजेश ने बताया कि घर की आर्थिक जिम्मेदारियों के कारण रोहित ने कुछ समय के लिए निर्देशन का काम छोड़ दिया था, लेकिन हाल ही में उन्हें दोबारा काम मिला था. पिता मगन शर्मा फर्नीचर का काम करते हैं. जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां गायत्री देवी बेसुध हो गईं. पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक और ट्रक की पहचान कर ली गई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा.

मेरठ में ड्यूटी से लौट रहे वृद्ध कर्मचारी को कैंटर ने कुचला

दूसरी ओर, मेरठ जिले के परतापुर थाना क्षेत्र में भी रफ्तार का कहर देखने को मिला. मोदीनगर के संजयपुरी रोड निवासी 69 वर्षीय लख्मीचंद्र परतापुर के गगोल रोड स्थित कनोहर फैक्ट्री में कार्यरत थे. सोमवार शाम वह ड्यूटी खत्म करने के बाद साइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. दिल्लीमेरठ मार्ग पर संगम चौक के सामने अचानक पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही लख्मीचंद्र सड़क पर गिर पड़े और कैंटर का भारीभरकम पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे दिल्ली रोड पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक की जेब में मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी शिनाख्त की और परिजनों को हादसे की सूचना दी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply