IndiaPunjabTrending

पंजाब फार्मेसी पेपर में हाईटेक नकलकांड पर हरजोत बैंस तुरंत इस्तीफा दें: डॉ. सुभाष शर्मा

बोले आप की तथाकथित ‘शिक्षा क्रांति’ का सच आया सामने, युवाओं के भविष्य से किया खिलवाड़

पंजाब फार्मेसी पेपर में हाईटेक नकलकांड पर हरजोत बैंस तुरंत इस्तीफा दें: डॉ. सुभाष शर्मा

चंडीगढ़ : पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने पंजाब फार्मेसी परीक्षा में सामने आए हाईटेक नकलकांड को आम आदमी पार्टी सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा कलंक बताते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने शिक्षा क्रांति के बड़ेबड़े दावे किए थे, उसी के शासन में संगठित तरीके से हाईटेक नकल का खेल चल रहा है। ऐसे में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए हरजोत बैंस को मंत्री पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि एक ओर अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी दिल्ली में परीक्षा धांधली के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर उनके ही शासन वाले पंजाब में सॉल्वर गैंग खुलेआम परीक्षा प्रणाली को ध्वस्त कर रहा था। उन्होंने कहा कि यह घटना आम आदमी पार्टी के दोहरे चरित्र और शिक्षा सुधार के खोखले दावों की पोल खोलती है।

उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में सामने आया है कि परीक्षा शुरू होने के बाद एक अभ्यर्थी ने विशेष पेन से प्रश्नपत्र स्कैन कर मास्टरमाइंड तक पहुंचाया, जहां से ब्लूटूथ उपकरणों के जरिए परीक्षा केंद्रों में बैठे अभ्यर्थियों तक उत्तर भेजे गए। यह सुनियोजित हाईटेक नकलकांड दर्शाता है कि परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सरकार युवाओं के भविष्य की रक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार की लापरवाही के कारण हजारों ईमानदार अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में छात्रों के हितैषी होने का ढोंग करती है, लेकिन पंजाब में उन्हीं छात्रों के भविष्य को संगठित परीक्षा घोटालों के हवाले कर दिया गया है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि पंजाब का युवा जब रोजगार और अपने अधिकार मांगता है तो मान सरकार उस पर लाठियां बरसाती है, और जब वही युवा नौकरी के लिए परीक्षा देने बैठता है तो उसे हाईटेक नकल माफिया के भरोसे छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा में धांधली नहीं, बल्कि पंजाब के युवाओं के सपनों और भविष्य पर सीधा हमला है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी सरकार और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को लेनी चाहिए।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply