
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैन जोस शहर में एक बेहद खूबसूरत विक्टोरियन शैली का महल स्थित है. बाहर से देखने पर सुंदर बगीचों से घिरा यह विशाल घर किसी आम आलीशान हवेली जैसा ही नजर आता है. लेकिन जैसे ही आप इसके मुख्य दरवाजे से अंदर कदम रखते हैं, आपको एक अलग ही रहस्यमयी दुनिया का अहसास होता है. विंचेस्टर मिस्ट्री हाउस के नाम से मशहूर यह सात मंजिला महल अपनी अनोखी और अजीब बनावट के लिए पूरी दुनिया में चर्चित है. यह घर असल में बंदूक निर्माण के बड़े कारोबारी विलियम विर्ट विंचेस्टर की विधवा सारा विंचेस्टर का था. 160 से भी ज्यादा कमरों वाले इस महल में ऐसी-ऐसी वास्तुकला की चीजें मौजूद हैं जो किसी का भी दिमाग घुमा दे.
आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन बता दें कि इस घर की सीढ़ियां सीधे छत से टकराकर खत्म हो जाती हैं, तो कई दरवाजे सीधे ऊंचाइयों पर खुलते हैं, जहां से नीचे गिरने पर किसी की भी मौत हो सकती है. इतना ही नहीं, घर के अंदर की खिड़कियां दूसरे कमरों के भीतर खुलती हैं और चिमनियां सीलिंग से पहले ही रुक जाती हैं. ऐसा लगता है मानो यह घर नहीं, कोई अजूबो हो. इसका निर्माण इसकी मालकिन सारा विंचेस्टर के खौफ और जिद के कारण हुआ था, जिन्होंने लगातार 38 सालों तक बिना रुके दिन-रात इस घर को बनवाया. शुरुआत साल 1881 में हुई, जब मशहूर विंचेस्टर राइफल कंपनी के मालिक विलियम विर्ट विंचेस्टर की अचानक बीमारी से मौत हो गई. उनके निधन के बाद उनकी विधवा पत्नी सारा विंचेस्टर के पास उस दौरान 192 करोड़ रुपए से ज्यादा की अकूत संपत्ति और कंपनी की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी आ गई, जिससे उन्हें रोजाना तब लगभग 1 लाख रुपए की भारी-भरकम कमाई होती थी



