CJP Protest In Delhi LIVE Updates: NEET परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से शुरू हुआ प्रदर्शन बुधवार की शाम एक बार फिर हिंसक हो गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक रात के करीब 8.30 बजे कुछ उपद्रवियों ने अचानक पुलिस पर पत्थर और खाली बोतलें फेंकना शुरू कर दीं। इस घटना में दिल्ली पुलिस के 5 जवान घायल हो गए।

पुलिस का कहना है कि इस घटना में कनॉट प्लेस के ACP विवेक भगत घायल हो गए। सीनियर अधिकारी उन्हें RML अस्पताल ले गए। उधर CJP ने दावा किया कि सोनम वांगचुक ने प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की है। वहीं संगठन ने साफ कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से पहले आंदोलन खत्म नहीं होगा और इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने कहा कि जंतरमंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर वह पहले भी अपनी बात रख चुके हैं और इसे बेहद क्रूर कार्रवाई मानते हैं। उन्होंने कहा कि जिन पुलिस अधिकारियों ने लाठीचार्ज किया, उनके खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा। दिपके ने बताया कि उनका प्रदर्शन आज 34वें दिन में प्रवेश कर चुका है, जबकि सोनम वांगचुक का आमरण अनशन 26वें दिन भी जारी है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि, उन्होंने सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि वे उनकी जान जोखिम में नहीं डालना चाहते।
दिल्ली मेट्रो स्टेशन लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम सुबह 07:30 बजे से अगले निर्देश तक बंद रहेंगे। राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी का जंतरमंतर पर प्रदर्शन लगातार जारी है। इस बीच संगठन के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बुधवार को कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक प्रदर्शनकारी जंतरमंतर से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के मुद्दों को लेकर किया जा रहा है और इसे आगे भी जारी रखा जाएगा। आशुतोष रांका ने कहा, ‘हम लोग यहीं बैठे रहेंगे। जंतरमंतर से हिलने वाले नहीं हैं, जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।’
शांतिपूर्ण प्रदर्शन शांतिपूर्ण ही रहना चाहिए: सोनम वांगचुक
दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, ‘मैंने आज सोनम वांगचुक से कई बार बात की। नतीजा यह निकला कि यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन शांतिपूर्ण ही रहना चाहिए। उन्होंने सभी प्रदर्शन करने वालों से अपील भी की है कि वे शांति बनाए रखें और इस प्रदर्शन को सही तरीके से करें… इस देश में पहले हुए प्रदर्शनों में, सत्ताधारी दल द्वारा असामाजिक तत्त्वों की घुसपैठ कराई गई और पूरे प्रदर्शन को पटरी से उतार देते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए।’ केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, ‘जे.पी. नड्डा को शर्म आनी चाहिए। लोग यहां 30 दिनों से ज़्यादा समय से बैठे हैं… वे कह रहे हैं कि राजनीति नहीं होनी चाहिए… धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कोई समझौता नहीं होगा, उन्हें जाना होगा। उसके बिना ये प्रदर्शन चलता रहेगा।’



