CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

हरदोई बस स्टैंड पर खौफनाक हादसा: दो बसों के बीच फंसकर महिला की मौत, ड्राइवरों की लापरवाही से मचा हड़कंप..

हरदोई बस स्टैंड पर खौफनाक हादसा: दो बसों के बीच फंसकर महिला की मौत, ड्राइवरों की लापरवाही से मचा हड़कंप..

उत्तर प्रदेश: हरदोई बस स्टैंड पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय महिला की जान चली गई। आरोप है कि दो रोडवेज बसों के चालकों की लापरवाही के कारण महिला दोनों बसों के बीच फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान हरदोई जिले के खेतुई गांव निवासी नेहा सिंह के रूप में हुई है। वह एक निजी दवा कंपनी में कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार, नेहा कंपनी की आधिकारिक बैठक में शामिल होने के लिए उन्नाव के बांगरमऊ जा रही थीं। इसके लिए वह हरदोई बस स्टैंड पहुंचीं और बस में सवार होने की कोशिश कर रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही नेहा बस में चढ़ने लगीं, उसी दौरान हरदोई और कन्नौज डिपो की दो रोडवेज बसों के चालक लगभग एक साथ बसें आगे बढ़ाने लगे। अचानक हुई इस हरकत से नेहा दोनों बसों के अगले हिस्सों के बीच फंस गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें पास के मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया। वहीं, मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर हादसे के लिए बस चालकों की लापरवाही को जिम्मेदार माना जा रहा है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply