
राजस्थान के बाड़मेर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक 65 वर्षीय डॉक्टर ने अपने ही अस्पताल में कार्यरत नर्स पर आरोप लगाया है कि उसने निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर करीब 2 करोड़ रुपये वसूल लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, महिला ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
नाइट शिफ्ट के दौरान बढ़ीं मुलाकातें
डॉक्टर का आरोप है कि महिला नर्स वर्ष 2016 से अस्पताल में कार्यरत थी और अक्सर नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करती थी। वह कई बार चाय बनाने या अन्य निजी काम का बहाना लेकर अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित डॉक्टर के कमरे में आती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल का आरोप
शिकायत के मुताबिक, मुलाकातों के दौरान महिला ने दोनों की कुछ निजी तस्वीरें अपने मोबाइल में रख लीं। बाद में इन्हीं तस्वीरों को सार्वजनिक करने और झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर डॉक्टर से पैसे मांगने लगी। डॉक्टर का दावा है कि बदनामी के डर से वह लगातार रकम देते रहे।
35 लाख बैंक खाते में, बाकी नकद लेने का आरोप
डॉक्टर के अनुसार, आरोपी महिला ने करीब 35 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए, जबकि बाकी रकम अलग-अलग समय पर नकद और अन्य माध्यमों से ली गई। शिकायत में यह भी आरोप है कि महिला ने चेक और स्टांप पेपर पर भी हस्ताक्षर करवाए तथा डॉक्टर से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड और घर के सीसीटीवी कैमरों के पासवर्ड भी हासिल कर लिए।
1000 से ज्यादा कॉल करने का भी आरोप
डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि एक बार उनके अहमदाबाद जाने के दौरान महिला ने उन्हें 1000 से अधिक बार फोन किया। कॉल रिसीव नहीं करने पर उसने अस्पताल के कुछ कर्मचारियों को उनकी निजी तस्वीरें दिखाने का आरोप भी लगाया गया। डॉक्टर का कहना है कि अप्रैल 2025 में महिला उनके घर भी पहुंच गई और अंदर आने की जिद करने लगी।
पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के दावों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



