
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में घरेलू विवाद और चरित्र पर शक के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने के संदेह में पति ने कथित तौर पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तीन महीने बाद घर लौटी थी महिला
पुलिस के मुताबिक, हबीबगंज थाना क्षेत्र के शांति नगर इलाके में रहने वाले रामप्रसाद उर्फ बब्लू (47) की शादी करीब छह साल पहले लता बाई (45) से हुई थी। बताया गया कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और महिला करीब तीन महीने पहले मायके चली गई थी। मंगलवार रात वह वापस घर लौटी, जिसके बाद दोनों के बीच फिर विवाद हो गया।
मारपीट के बाद बिगड़ी तबीयत
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और उसने कथित तौर पर पत्नी की पिटाई कर दी। आरोप है कि मारपीट के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ समय बाद जब आरोपी वापस घर लौटा तो पत्नी मृत मिली।
सुबह पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद आरोपी पूरी रात घर में महिला के शव के पास बैठा रहा। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने घर के अंदर महिला को मृत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही है जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब एक वर्ष से घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है। महिला की मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद होगी



