CrimeIndiaTrending

कनाडा में पंजाबी युवती की गला घोंटकर हत्या, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार; परिवार ने भारत लाने के लिए लगाई मदद की गुहार..

कनाडा में पंजाबी युवती की गला घोंटकर हत्या, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार; परिवार ने भारत लाने के लिए लगाई मदद की गुहार..

बेहतर भविष्य का सपना लेकर कनाडा गई एक भारतीय युवती की जिंदगी दर्दनाक अंत तक पहुंच गई। पंजाब की रहने वाली 23 वर्षीय दमनप्रीत कौर की कनाडा के एडमिंटन शहर में कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने उसके 22 वर्षीय लिव-इन पार्टनर रितेश कुमार को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।

दमनप्रीत पंजाब के लुधियाना जिले के समराला की रहने वाली थी। परिवार ने कई साल पहले कर्ज लेकर उसे स्टडी वीजा पर कनाडा भेजा था, ताकि वह पढ़ाई पूरी कर बेहतर भविष्य बना सके। पढ़ाई के बाद वह वहीं नौकरी भी करने लगी थी।

घटना उस समय सामने आई जब एडमिंटन के सिल्वरबेरी इलाके स्थित एक घर से इमरजेंसी कॉल मिलने पर पुलिस और पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे। वहां दमनप्रीत गंभीर हालत में बेहोश मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवती की मौत गला घोंटने से हुई थी। जांच के बाद पुलिस ने उसके लिव-इन पार्टनर रितेश कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकेंड-डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा प्रतीत होता है और फिलहाल किसी अन्य आरोपी की तलाश नहीं की जा रही।

उधर, दमनप्रीत के पार्थिव शरीर को भारत लाने और अंतिम संस्कार का खर्च जुटाने के लिए सोशल मीडिया पर GoFundMe अभियान शुरू किया गया है। परिवार का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और अब तक उन्हें किसी सरकारी या भारतीय दूतावास की ओर से कोई ठोस सहायता नहीं मिली है। ऐसे में उन्होंने सरकार और समाज से मदद की अपील की है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply