
उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कल्याणी मोहल्ले से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 56 वर्षीय हृदेश तिवारी को उनकी तीसरी पत्नी रानू और उसके मायके वालों ने कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया. गंभीर रूप से झुलसे वृद्ध को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक की बेटी सोनम द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत और बयानों से इस खौफनाक वारदात की परतें उधड़ती चली गईं. सोनम ने बताया कि उसकी सगी मां का निधन साल 2023 में हो गया था. इसके बाद अक्टूबर 2024 में पिता हृदेश तिवारी ने रानू नामक महिला से कोर्ट मैरिज की थी.
रानू की भी यह तीसरी शादी थी, जिसके पूर्व में एक पति की मौत हो चुकी थी और दूसरा उसे छोड़कर जा चुका था. आरोप है कि शादी के बाद से ही रानू, हृदेश को ब्लैकमेल कर रही थी और लगातार पैसे व संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी. दबाव में आकर हृदेश उसे आधा बिस्वा प्लॉट देने के लिए राजी हो गए थे.
गुरुवार को जब प्लॉट की रजिस्ट्री होनी थी, उसी दिन इस वारदात को अंजाम दिया गया. बेटी सोनम के अनुसार, गुरुवार दोपहर में जब उसके पिता बाथरूम गए, तभी सौतेली मां रानू और उसके मायके से आए परिजनों ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी. जब आसपास के लोगों ने हृदेश को जलते देखा, तो आरोपी महिला खुद को बचाने के लिए आग बुझाने का नाटक करने लगी. इस दौरान वह भी मामूली रूप से झुलस गई और फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती है.



