IndiaTrending

स्कूल से निकले, घर नहीं पहुंचे: आगरा से दो छात्र लापता, आखिरी लोकेशन कैंट रेलवे स्टेशन; तलाश में जुटीं पुलिस

Missing Students From Saraswati Shishu Vidya Mandir Agra: आगरा में दो स्कूली छात्रों के रहस्यमय ढंग से लापता होने से पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ गई है। कमलानगर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के कक्षा नौ के छात्र गुरुवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद घर के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचे। सूचना मिलते ही परिवारों में हड़कंप मच गया और पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर व्यापक तलाश अभियान शुरू कर दिया।

स्कूल से निकले, घर नहीं पहुंचे: आगरा से दो छात्र लापता, आखिरी लोकेशन कैंट रेलवे स्टेशन; तलाश में जुटीं पुलिस
स्कूल से निकले, घर नहीं पहुंचे: आगरा से दो छात्र लापता, आखिरी लोकेशन कैंट रेलवे स्टेशन; तलाश में जुटीं पुलिस

लापता छात्रों की पहचान प्रथम गुप्ता और अमोल गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों छात्र गुरुवार दोपहर करीब 1:10 बजे स्कूल से एक साथ निकले थे। जब काफी देर तक वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने पहले रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी से कैंट स्टेशन तक पहुंची जांच

पुलिस ने स्कूल से लेकर आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में दोनों छात्र सुल्तानगंज पुलिया की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद तकनीकी जांच में उनकी आखिरी मोबाइल लोकेशन शाम करीब 3:20 बजे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मिली। इस सुराग के बाद रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जीआरपी और आरपीएफ से भी संपर्क कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों किसी ट्रेन में सवार हुए थे या नहीं।

दिल्ली एंगल भी जांच के दायरे में

जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि दोनों छात्रों के दिल्ली जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। मीडिया रिपोर्टों और कुछ स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं दोनों छात्र दिल्ली के जंतरमंतर पर चल रहे आंदोलन की ओर तो नहीं निकले। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल इस संबंध में कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

भागवत कथा तक पहुंचे परिजन, फिर भी नहीं मिला सुराग

अमोल की मां मनोरमा ने पुलिस को बताया कि स्कूल के छात्रों से पूछताछ में पता चला कि प्रथम ने एक सहपाठी को में चल रही भागवत कथा में चलने के लिए कहा था। इस सूचना के आधार पर दोनों परिवार स्वयं कथा स्थल पहुंचे, लेकिन वहां भी दोनों छात्रों का कोई पता नहीं चला।

पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं

डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि दोनों छात्रों की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, और आसपास के जिलों में समन्वय के जरिए हर संभावित सुराग पर काम किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि दोनों छात्रों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

फिलहाल यह मामला महज दो छात्रों की गुमशुदगी भर नहीं, बल्कि हर उस अभिभावक के लिए चिंता का विषय बन गया है, जिनके बच्चे रोजाना स्कूल आतेजाते हैं। पुलिस का पूरा फोकस अब इस बात पर है कि दोनों छात्र सुरक्षित मिल जाएं और उनके लापता होने की असल वजह सामने आ सके।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply