रांची
झारखंड पुलिस मुख्यालय में डीजीपी के सामने मंगलवार को राज्य के 16 कुख्यात पुरुष व महिला माओवादी आत्मसमर्पण करेंगे। मौके पर ये इंसास, एके47 सहित 11 उम्दा हथियार भी पुलिस के सामने डालेंगे, 38 मैगजीन व 1562 कारतूस भी सौंपेंगे। ये माओवादी पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेलाखरसांवा, रांची, गिरिडीह, बोकारो, लातेहार, खूंटी व ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के रहने वाले हैं।

इनमें सबसे बड़ा नाम 15 लाख का इनामी रीजनल कमेटी सदस्य संतोष उर्फ बासुदेव उर्फ गांधी है, जिसके विरुद्ध राज्य के विभिन्न थानों में माओवादी गतिविधियों से जुड़े 128 मामले दर्ज हैं। इनमें छह माओवादी ही इनामी हैं, जिनपर राज्य सरकार ने कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
ये 16 माओवादी आज करेंगे आत्मसमर्पण
एक रीजनल कमेटी सदस्य : संतोष उर्फ बासुदेव उर्फ गांधी उर्फ दिलीप उर्फ संजय महतो उर्फ बासूकू उर्फ श्याम ।
तीन जोनल कमेटी सदस्य : संतोष मांझी उर्फ जगबंधु , चंदन लोहरा व जयकांत मुंडा उर्फ गूंगा उर्फ बंगाली ।
तीन सब जोनल कमेटी सदस्य : राजनाथ हांसदा उर्फ गुना हांसदा , अनिल तुरी उर्फ उज्जवल व सुखलाल बिरजिया उर्फ अकेला ।
छह एरिया कमेटी सदस्य : सुदेश होनहागा उर्फ सोनाराम होनहागा उर्फ सोना , एतवारी मांझी उर्फ सोनोत उर्फ संत उर्फ शनिचरवा , देवान मुर्मू उर्फ शनिचर , सुमित्रा सुरीन , रिसिव व सालमी मुंडा उर्फ पारूल ।
तीन कैडर सदस्य : चंपा मंझियाईन उर्फ गुड़िया , मुन्नी सुरीन उर्फ मुरीन सुरीन व सीता मुंडा ।
ये हथियार, मैगजीन व कारतूस पुलिस के सामने डालेंगे
कुल 11 हथियार, जिनमें छह इंसास रायफल, दो एके47 रायफल, एक एचके33 रायफल, एक यूएस कार्बाइन रायफल, एक एम16 रायफल शामिल हैं।
वहीं, 38 मैगजीन में तीन एलएमजी मैगजीन, 28 इंसास रायफल मैगजीन, चार एके48 मैगजीन, दो यूएस कार्बाइन रायफल मैगजीन व एक एम16 मैगजीन शामिल हैं। इसी तरह 1562 कारतूस भी सौंपेंगे, जिनमें इंसास के 786, एके47 के 229, एचके33 के 208, यूएस कार्बाइन के 95 व एम16 के 244 कारतूस शामिल हैं।
झारखंड में सक्रिय रहे आठ माओवादी छत्तीसगढ़ में कर चुके हैं आत्मसमर्पण
झारखंड में सक्रिय रहे आठ माओवादी छत्तीसगढ़ में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। इन माओवादियों में जोनल कमेटी सदस्य छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के सवनार निवासी अश्विन उर्फ लच्छू कोरसा के अलावा चार एरिया कमांडर बीजापुर जिले का ही सोहन पुनेम, रीता उर्फ मंगली कुंजाम, सुकमा जिले की अनुशा कुंजाम, बीजापुर की रजनी मुडकम शामिल हैं।
इनके अलावा तीन सदस्यों ने भी आत्मसमर्पण किया था। इनमें छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले का राहत मांडवी, बीजापुर की सुबनी व जेलानी शामिल थीं।



