Mathura Confidence Trick/Scam: मथुरा के थाना हाईवे पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी की वारदात का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की पूरी 25 लाख रुपये की नकदी, एक बैग तथा घटना में प्रयुक्त GIXXER250 मोटरसाइकिल बरामद की है।

कार से रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को पीड़ित के कर्मचारी कार से 25 लाख रुपये लेकर गोविंद नगर जा रहे थे। रास्ते में CIMS हॉस्पिटल के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने कार को ओवरटेक कर वाहन खराब होने का इशारा किया। जैसे ही चालक कार से उतरकर बोनट देखने लगा, बदमाश कार में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना हाईवे पर बीएनएस की धारा 305 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
सलेमपुर पाली खेड़ा रोड से किया गया गिरफ्तार
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर 27 जुलाई 2026 की रात 11:55 बजे पुलिस ने अक्षय पुत्र मारमुत्तु, निवासी मदनगीर, थाना अंबेडकर नगर, को सलेमपुर पाली खेड़ा रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कार चालक को वाहन खराब होने का झांसा देकर मौका पाकर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 लाख रुपये की पूरी नकदी, एक बैग और घटना में प्रयुक्त GIXXER250 मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में 318 और 317 की बढ़ोतरी भी की गई है।
इस कार्रवाई में थाना हाईवे पुलिस के साथ साइबर सेल, सर्विलांस सेल, स्वाट टीम, एसओजी तथा अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



