IndiaTrendingUttar Pradesh

रेलवे में भर्ती का नया रिकॉर्ड: 12 वर्षों में 5.56 लाख युवाओं को मिली नौकरी : वैष्णव

नई दिल्ली भारतीय रेल ने पिछले 12 वर्षों में मिशन मोड पर भर्ती अभियान चलाकर रोजगार के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को लोकसभा में बताया कि वर्ष 2014 से 30 जून 2026 तक भारतीय रेल में 5.56 लाख नियुक्तियां की गई हैं, जबकि यूपीए सरकार के अंतिम दस वर्षों में यह संख्या 4.11 लाख थी। इनमें दक्षिण रेलवे में 50,485 नियुक्तियां भी शामिल हैं।

रेलवे में भर्ती का नया रिकॉर्ड: 12 वर्षों में 5.56 लाख युवाओं को मिली नौकरी : वैष्णव

रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे में रिक्त पदों को परिचालन आवश्यकताओं और तकनीकी जरूरतों के अनुसार लगातार भरा जाता है। भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और अभ्यर्थीअनुकूल बनाने के लिए वर्ष 2024 से वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू किया गया है। इससे हर वर्ष पात्र होने वाले युवाओं को नियमित अवसर मिल रहे हैं और नियुक्ति प्रक्रिया पहले की तुलना में तेज हुई है।

वैष्णव ने बताया कि 2024 और 2025 भर्ती चक्र में लगभग 4.5 करोड़ अभ्यर्थियों ने रेलवे भर्ती बोर्ड की कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में हिस्सा लिया। देशभर के 150 से अधिक शहरों में 15 भारतीय भाषाओं में परीक्षा आयोजित कर अभ्यर्थियों को अपने निकटतम केंद्र पर परीक्षा देने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने बताया कि 2024 के भर्ती कैलेंडर के तहत 92,116 पदों, 2025 के कैलेंडर के तहत 51,970 पदों तथा 2026 के कैलेंडर के तहत 17,803 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इस प्रकार तीनों भर्ती चक्रों में कुल 1,61,889 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।

रेल मंत्री के अनुसार 2024 में जारी विभिन्न केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचनाओं के तहत 3.58 करोड़ से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रथम चरण की CBT परीक्षा दी, जबकि 2025 भर्ती चक्र में भी 90.96 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। सहायक लोको पायलट, तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर, आरपीएफ, एनटीपीसी, पैरामेडिकल और लेवल1 सहित विभिन्न श्रेणियों की परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।

उन्होंने बताया कि जून 2026 तक सहायक लोको पायलट, तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर और अन्य श्रेणियों में 3,300 से अधिक अभ्यर्थियों के चयन पैनल भी अंतिम रूप दिए जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश सुरक्षा श्रेणी के पद हैं। रेल मंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक, व्यापक निगरानी और पारदर्शी व्यवस्था के कारण रेलवे भर्ती बोर्ड ने देश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं का सफल संचालन किया है तथा युवाओं को निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराई जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply