IndiaPunjabTrending

भारतीय योग संस्थान के संस्थापक स्व. प्रकाश लाल की 17वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा

जालंधर भारतीय योग संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय प्रकाश लाल की 17वीं पुण्यतिथि प्रताप बाग क्षेत्र की ओर से कम्पनी बाग योग केन्द्र में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 50 से 60 योग साधकों ने भाग लेकर संस्थापक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए योग एवं स्वस्थ जीवन के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

भारतीय योग संस्थान के संस्थापक स्व. प्रकाश लाल की 17वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा

कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सरदार गुरमीत सिंह ने भक्ति भाव से शब्द गायन प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय योग संस्थान के जिला प्रधान रामचन्द्र कांसरा रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय प्रकाश लाल ने वर्ष 1967 में भारतीय योग संस्थान की स्थापना कर योग को जनजन तक पहुंचाने का जो अभियान शुरू किया था, वह आज देशविदेश में लाखों लोगों के लिए स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन का आधार बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, शांत मन और संतुलित जीवन की संपूर्ण जीवनशैली है।

योग सत्र के दौरान साधकों ने सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन तथा प्राणायाम का अभ्यास किया। इस सत्र का संचालन श्री राजेन्द्र कुमार, श्री प्रेम चन्द, श्री प्रीतम सिंह, श्री जोगिन्दर, श्री जसबीर सिंह तथा श्रीमती रेखा उप्पल ने संयुक्त रूप से कराया। प्रशिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए सभी को इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

प्रताप बाग क्षेत्र के प्रधान राकेश चावला ने स्वर्गीय प्रकाश लाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए संस्थान की स्थापना से लेकर उसके निरंतर विस्तार तक की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संस्थापक का उद्देश्य समाज को निरोग, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना था, जिसे भारतीय योग संस्थान आज भी पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहा है।

कार्यक्रम का समापन वैदिक प्रार्थना, शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। अंत में क्षेत्र प्रधान राकेश चावला ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी योग प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों, साधकों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply