फाजिल्का पंजाब के फाजिल्का जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी तलाकशुदा पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दोबारा साथ रहने और समझौते का झांसा देकर महिला को मिलने के लिए बुलाया और फिर खेत में ले जाकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, महिला बस स्टैंड पर आरोपी से मिली, जहां से वह उसे बाइक पर अपने साथ ले गया। रास्ते में एक खेत के पास रुककर आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात के बाद उसने सबूत मिटाने की कोशिश में शव को गड्ढे में दबा दिया।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब पास में बकरियां चरा रहे एक व्यक्ति ने महिला की चीखें सुनीं। मौके पर पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी ने गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया और मिट्टी में दबे शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका की दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद बेटियों ने अपनी मां के लिए न्याय की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा देने की अपील की है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपी ने महिला के साथ एक वीडियो बनाया था, जिसे बाद में महिला के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
दो साल पहले हुआ था तलाक
परिजनों के अनुसार, मृतका सरोज की शादी करीब 22 वर्ष पहले गांव जंडवाला मीरा सांगला निवासी गुरमीत सिंह से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। पारिवारिक विवादों के चलते करीब दो वर्ष पहले दोनों का तलाक हो गया था। तलाक के बाद सरोज अपने मायके में रहने लगी थी, हालांकि दोनों के बीच बातचीत जारी थी।
मृतका के पिता का आरोप है कि गुरमीत सिंह ने समझौते के बहाने उनकी बेटी को बुलाया और सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर दी।
अवैध संबंधों के शक का एंगल
डीएसपी बी.एस. रंधावा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पूर्व पत्नी पर अवैध संबंध होने का शक करता था। इसी वजह से दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार और बाइक भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।



