बसपा सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी का पक्ष स्पष्ट किया है. उन्होंने आकाश आनंद को लेकर फैलाई जा रही अटकलों का खंडन किया है. मायावती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि यूपी उपचुनाव के सभी उम्मीदवारों का अंतिम फैसला वह स्वयं कर रही हैं और आगे भी सभी सीटों पर उम्मीदवार वही तय करेंगी.

उन्होंने बताया कि अब तक करीब दो दर्जन से अधिक संभावित उम्मीदवारों का इंटरव्यू लेकर उन्हें अंतिम रूप दिया जा चुका है. उम्मीदवार चयन को लेकर आकाश आनंद की भूमिका को लेकर जो बातें फैलाई जा रही हैं, उनमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है. बसपा सुप्रीमो ने स्पष्ट किया कि देश में कहीं भी विधानसभा या लोकसभा के उपचुनाव होते हैं तो उम्मीदवारों का अंतिम चयन हमेशा उनके द्वारा ही किया जाता है.
कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे
मायावती ने कहा कि जिन सीटों पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति से पार्टी के वरिष्ठ नेता जनसभाएं कर उम्मीदवारों का ऐलान कर रहे हैं. यह भी कहा कि कुछ सीटों पर आकाश आनंद भी केवल जनसभा करके उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे लेकिन इसका उम्मीदवार चयन से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने याद दिलाया कि हाल के विधानसभा उपचुनावों और पिछले एक वर्ष से देशभर में आकाश आनंद को पार्टी संगठन की समीक्षा बैठकों और चुनावी जनसभाओं के लिए भेजा जाता रहा है.
लोकसभा उपचुनाव में प्रचार के लिए भेजा गया था
मायावती ने कहा कि लखनऊ में 9 अक्टूबर 2025 को कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित ऐतिहासिक रैली में भी आकाश आनंद को संबोधन का अवसर दिया गया था. लोकसभा उपचुनावों में भी आकाश आनंद को पार्टी के प्रचार के लिए भेजा गया था और यह सब सार्वजनिक रिकॉर्ड व सोशल मीडिया पर उपलब्ध है. आकाश आनंद की सभाएं पार्टी की नियमित संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा हैं. न कि उनके कद को बढ़ाने या घटाने की कवायद.
उन्होंने दोहराया कि उम्मीदवार तय करने का अधिकार केवल पार्टी अध्यक्ष के रूप में उनके पास है. मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक, शरारती और जातिवादी प्रचार से सावधान रहें और अफवाहों पर ध्यान न दें.



