TrendingUttar Pradesh

Sitapur Murder News: पड़ोसी के घर फोन करने गई किशोरी, गुस्से में भाई ने धारदार हथियार से कर दी हत्या

Sitapur Murder News: पड़ोसी के घर फोन करने गई किशोरी, गुस्से में भाई ने धारदार हथियार से कर दी हत्या

सीतापुर: सीतापुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के बजेहरा गांव में एक भाई ने अपनी 17 वर्षीय छोटी बहन की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, परिवार के लोगों ने बताया कि किशोरी किसी को फोन करने के लिए पड़ोसी के घर गई थी। इसी बात से उसका भाई नाराज हो गया और गुस्से में उसने बहन पर हमला कर दिया।

सुबह पड़ोसी के घर गई थी किशोरी

बजेहरा गांव निवासी राजाराम की 17 वर्षीय बेटी सुमरती शनिवार सुबह करीब 8 बजे अपने घर से निकलकर पड़ोसी लेखपाल नाम के युवक के घर चली गई थी। बताया जा रहा है कि सुमरती वहां किसी को फोन करने के लिए गई थी।

जब इस बात की जानकारी उसके भाई कोमल को हुई तो वह नाराज हो गया। आरोप है कि वह गुस्से में पड़ोसी के घर पहुंचा और सुमरती को आवाज देकर बाहर बुलाया।

घर के बाहर बहन पर किया हमला

पड़ोसी के घर से सुमरती के बाहर आते ही कोमल ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे घसीटने लगा। इस दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीचबचाव करने का प्रयास किया।

आरोप है कि इसके बावजूद कोमल अपनी बहन को घसीटकर अपने घर के बाहर ले गया। वहां उसने धारदार हथियार से सुमरती के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए।

लोगों के पहुंचने तक सुमरती गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

घटना की जानकारी मिलने के बाद रामपुर मथुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसओ रामपुर मथुरा मुकेश वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की पड़ताल शुरू की।

पुलिस परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज कर रही है। एसओ के मुताबिक, परिवार के लोगों ने बताया है कि सुमरती किसी को फोन करने के लिए पड़ोसी के घर गई थी और इसी बात से नाराज होकर कोमल ने उसकी हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपी भाई कोमल की तलाश की जा रही है।

रिश्तों पर सवाल खड़े करती वारदात

घर की दहलीज पर ही भाई द्वारा बहन की हत्या किए जाने की इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। मामूली बात को लेकर हुए विवाद का इतना गंभीर रूप ले लेना परिवार और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है। पुलिस अब घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और विवाद की वजह की जांच कर रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply