CrimeIndia

40 लाख के बीमा के लिए पति बना हैवान… लव मैरिज के 2 साल बाद पत्नी की हत्या, एक्सीडेंट दिखाने के लिए शव पर चढ़ाई कार

Hamirpur Crime News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रिश्तों को तारतार कर देने वाली और लालच की खौफनाक दास्तान सामने आई है. राठहमीरपुर स्टेट हाईवे पर ललपुरा थाना क्षेत्र स्थित बैठका धाम मंदिर के पास एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला के पति अमर सिंह ने ही 40 लाख रुपये के टर्म इंश्योरेंस की रकम हड़पने के लिए अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की और फिर उसे सड़क हादसा दिखाने के लिए शव पर कार चढ़ा दी.

40 लाख के बीमा के लिए पति बना हैवान… लव मैरिज के 2 साल बाद पत्नी की हत्या, एक्सीडेंट दिखाने के लिए शव पर चढ़ाई कार

बुधवार देर रात करीब 12 बजे बैठका धाम मंदिर के पास हाईवे किनारे एक महिला का शव बरामद हुआ. पत्नी की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट लिखाने के लिए पति अमर सिंह खुद थाने पहुंचा था, ताकि किसी को उस पर शक न हो. पुलिस जब उससे सवालजवाब करने लगी तो उसके बयानों में भारी विरोधाभास मिला. कड़ाई से की गई पूछताछ में उसने अपना खौफनाक जुर्म स्वीकार कर लिया.

दो साल पहले हुआ था प्रेम विवाह, 2 महीने पहले कराया भारी बीमा

मृतका रीता की पहली शादी वर्ष 2002 में मैनपुरी में हुई थी, जिससे उनके चार बच्चे हैं. पहले पति की मौत के बाद रीता की मुलाकात मौदहा के बम्हरौली गांव निवासी अमर सिंह से हुई. रीता और अमर सिंह ने करीब दो साल पहले प्रेम विवाह किया था. मृतका के पिता सर्वेश कुमार के अनुसार, अमर सिंह ने योजनाबद्ध तरीके से दो महीने पहले रीता के नाम 40 लाख रुपये का बीमा कराया और पहली किस्त के रूप में 2,60,000 रुपये जमा किए.

एक्सीडेंट दिखाने के लिए शव पर चढ़ाई गाड़ी

अमर सिंह ने 40 लाख की रकम पाने के लालच में अपने तीन अन्य साथियों को इस खौफनाक साजिश में शामिल किया. आरोपियों ने पहले रीता की हत्या की और फिर दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को हाईवे किनारे रखकर उसके ऊपर कार चढ़ा दी, ताकि पुलिस और बीमा कंपनी इसे हिट एंड रन केस समझे.

अपर एसपी का बयान: सभी आरोपी गिरफ्तार

हमीरपुर के अपर एसपी अरविंद कुमार ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 40 लाख रुपये के बीमे के लालच में हत्या की यह पूरी पटकथा लिखी गई थी. पुलिस ने आरोपी पति अमर सिंह और उसकी मदद करने वाले तीनों साथियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply