पुणे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने शनिवार को देश के युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और कर्तव्य, त्याग तथा राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक इसे अपना व्यक्तिगत दायित्व मानकर देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।

पुणे में लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड2026 ग्रहण करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डोभाल ने कहा कि आज के युवाओं को अल्पकालिक और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर केवल देश के हित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत अपने इतिहास के एक निर्णायक दौर से गुजर रहा है और यह अवसर गंवाया नहीं जाना चाहिए।
युवाओं को बड़ी सीख देते हुए डोभाल ने कहा कि ‘आज की पीढ़ी को आजादी का असली अर्थ जानना बेहद जरूरी है। कुछ लोग मान लेते हैं कि आजादी का मतलब मनमर्जी या कुछ भी करना है, जबकि ऐसी सोच बिल्कुल गलत है’। उन्होंने साफ कहा कि जो रास्ता राष्ट्रहित के खिलाफ हो, उस पर कदम भी नहीं बढ़ाना चाहिए। भारत को शक्तिशाली बनाना हम सभी का पहला कर्तव्य है।
डोभाल ने कहा, “आज देश निर्माण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। युवाओं को स्वयं को पूरी तरह राष्ट्र के लिए समर्पित करना होगा। यदि व्यक्तिगत हित और राष्ट्रहित में टकराव हो तो राष्ट्रहित को चुनना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को यह समझना होगा कि स्वतंत्रता सहज रूप से नहीं मिली, बल्कि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आजादी का अर्थ केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन भी है।
लोकमान्य तिलक के आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत
डोभाल ने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक को महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और दार्शनिक बताते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी समाज और राष्ट्र की सेवा का मार्ग नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि तिलक ने देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना का संचार किया और स्वराज के आंदोलन को जनजन तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि आज लोग अपने अधिकारों की बात तो करते हैं, लेकिन अधिकारों के पीछे छिपे बलिदानों को याद रखना भी उतना ही जरूरी है। तिलक का प्रसिद्ध संदेश “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है” केवल अधिकार की मांग नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा भी देता है।
मोदी और शाह के नेतृत्व की सराहना
डोभाल ने कहा कि देश सौभाग्यशाली है कि उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे नेतृत्व का मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारत निश्चित रूप से अपने विकास मिशन में सफल होगा और आने वाले वर्षों में इतिहास का नया अध्याय लिखेगा।
समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड2026 से सम्मानित किया।



