एशियन लीजेंड्स लीग 2026 में इंडियन रॉयल्स ने बांग्लादेश टाइगर्स को 19 रन से हराकर अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। सरुल कंवर और शादाब जकाती ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

ALL 2026 2nd Day: एशियन लीजेंड्स लीग 2026 में इंडियन रॉयल्स ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए बांग्लादेश टाइगर्स को 19 रन से मात दी। जाम्बिया के लुसाका स्थित लोटस स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में इंडियन रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और फिर अनुशासित गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश को लक्ष्य से दूर रखते हुए टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ इंडियन रॉयल्स ने अंक तालिका में सकारात्मक शुरुआत की, जबकि दिन के पहले मुकाबले में एशियन स्टार्स ने पाकिस्तान पैंथर्स को 85 रन से हराकर अपनी ताकत का भी शानदार प्रदर्शन किया। आइए इस मुकाबले के बारे में विस्तार से जानते है।
ALL 2026: सरुल कंवर ने मुश्किल समय में खेली कप्तानी पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडियन रॉयल्स की शुरुआत अच्छी रही। अभिषेक जलोटा ने 20 गेंदों में 26 और आसद पठान ने 13 गेंदों में 22 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। ऐसे समय में सरुल कंवर ने नाबाद 40 रन की संयमित पारी खेली। शादाब जकाती के 14 रन और 17 अतिरिक्त रनों की मदद से इंडियन रॉयल्स ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 135 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से साकलैन साजिब ने चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर दो विकेट लिए।
ALL 2026: आलोक कपाली की जुझारू पारी जीत नहीं दिला सकी
136 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश टाइगर्स की बल्लेबाजी कभी भी लय में नहीं दिखी। अनुभवी बल्लेबाज आलोक कपाली ने एक छोर संभालते हुए 53 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए, जबकि मुख्तार अली ने 23 रन का योगदान दिया। हालांकि अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके और पूरी टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 116 रन ही बना सकी, जिससे उसे 19 रन से हार का सामना करना पड़ा।
ALL 2026: शादाब जकाती बने जीत के सबसे बड़े हीरो
इंडियन रॉयल्स की जीत के सबसे बड़े नायक शादाब जकाती रहे। उन्होंने पहले बल्ले से 14 उपयोगी रन जोड़े और फिर गेंदबाजी में चार ओवर में 25 रन देकर तीन अहम विकेट हासिल किए। अनुरीत सिंह ने भी दो विकेट लेकर उनका शानदार साथ निभाया। वहीं दिन के पहले मुकाबले में एशियन स्टार्स ने देवेंद्र सिंह की नाबाद 58 रन की पारी की बदौलत 186/6 का स्कोर बनाया और पाकिस्तान पैंथर्स को 85 रन से हराकर टूर्नामेंट में दमदार जीत दर्ज की।



