Nagpur Police Custody Escape: नागपुर शहर में पुलिस हिरासत से आरोपियों के फरार होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हुड़केश्वर थाने से एक आदतन अपराधी के भागने की घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब गिट्टीखदान थाने से भी एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 16 घंटे के भीतर उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। लगातार एक सप्ताह के भीतर पुलिस कस्टडी से आरोपी के भागने की यह दूसरी घटना होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश उर्फ मेंटल मॉरिस विल्सन के रूप में हुई है, जो शहर का कुख्यात अपराधी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट, हमला और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की रात पैसे के लेनदेन को लेकर पंचशील बौद्ध विहार के पास श्रीनगर, अजनी निवासी सनी सुनील चंद्रिकापुरे से उसका विवाद हुआ था।
हत्या के प्रयास का आरोपी थाने से फरार
बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे आकाश अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा और सनी को घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की तथा धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोरशराबा सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल सनी की शिकायत पर गिट्टीखदान पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
लगातार तलाश के बाद शुक्रवार रात गिट्टीखदान पुलिस ने आकाश उर्फ मेंटल को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई। पुलिस लॉकअप में बंद करने से पहले उसकी गिरफ्तारी से संबंधित कागजी कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान शनिवार तड़के करीब 4 बजे आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से फरार हो गया।
आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पूरे थाने में अफरातफरी मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई और शहरभर में नाकाबंदी कर दी गई। गिट्टीखदान पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की कई टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने लगातार उसकी तलाश जारी रखी।
पुलिस की लापरवाही की जांच शुरू
आखिरकार शनिवार रात करीब 8 बजे और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आनंद टॉकीज क्षेत्र में जाल बिछाकर आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच थाने लाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी आखिर थाने से कैसे फरार हुआ और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की ओर से कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई। लगातार दूसरी बार पुलिस हिरासत से आरोपी के भागने की घटना ने विभाग की पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



