उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को प्रयागराज दौरे के दौरान धार्मिक आस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रदेश की राजनीति पर खुलकर अपनी बात रखी. दौरे की शुरुआत उन्होंने यमुना तट स्थित प्राचीन मनकामेश्वर मंदिर में दर्शनपूजन से की. पूजा के बाद उन्होंने कहा कि मान्यता है कि इस मंदिर की स्थापना स्वयं प्रभु श्रीराम ने की थी. सावन माह में उन्होंने प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखसमृद्धि और खुशहाली की कामना की.

ने कहा कि सावन के पहले सोमवार से पहले इस पावन स्थल पर पूजा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है. इसके बाद डिप्टी सीएम मोतीलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज के एसआरएन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति देखी और पुरानी बिल्डिंग के विद्युत पैनल को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए. साथ ही साफसफाई बेहतर करने और सुरक्षा के लिहाज से रेलिंग लगाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.
प्रयागराज मेडिकल कॉलेज को लेकर की बड़ी घोषणा
निरीक्षण के बाद ब्रजेश पाठक ने प्रयागराज मेडिकल कॉलेज को लेकर बड़ी घोषणा की. डिप्टी सीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को इस तरह से विकसित किया जाएगा, ताकि यहां इलाज कराने आये मरीजों को एम्स एवं देश के बड़े सरकारी अस्पतालों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.
उन्होंने बताया कि 100 बेड का नया क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माणाधीन है, जबकि 200 बेड के नए अस्पताल के प्रस्ताव को भी जल्द मंजूरी दिलाई जाएगी. इसके अलावा अत्याधुनिक पीडियाट्रिक अस्पताल भी जल्द तैयार होगा. उनका दावा था कि भविष्य में प्रयागराज मेडिकल कॉलेज में लखनऊ स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार लगातार चिकित्सकों से निजी प्रैक्टिस से बचने की अपील करती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है, लेकिन अधिकांश डॉक्टर पूरी निष्ठा से मरीजों की सेवा कर रहे हैं.
अखिलेश और राहुल गांधी पर बोला हमला
राजनीतिक सवालों पर भी ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर निशाना साधा. वाराणसी में राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ दर्ज मुकदमे के सवाल पर उन्होंने कहा कि सनातन का अपमान जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी.
वहीं जेपीएनआईसी को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि यह किसी की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि जनता के पैसे से बनी संपत्ति है और इसका उपयोग जनहित में ही होगा. राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रयागराज में प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति समाप्ति की ओर है और उनके आने से कोई राजनीतिक फर्क नहीं पड़ेगा.



