TrendingUttar Pradesh

बाराबंकी : कर्ज में डूबे पीएसी जवान ने फांसी लगा दी जान

बाराबंकी : कर्ज में डूबे पीएसी जवान ने फांसी लगा दी जान

मसौली, बाराबंकी, अमृत विचार : मसौली थाना क्षेत्र स्थित 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर में रविवार सुबह एक सिपाही का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पीएसी अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पीएसी में तीन माह के भीतर सुसाइड की यह दूसरी घटना है। 

जानकारी के अनुसार मृतक मेरठ जिले के रोहटा थाना क्षेत्र निवासी दीपक सिंह हैं। दीपक वर्ष 2021 बैच के सिपाही थे और नियुक्ति के बाद से 10वीं वाहिनी पीएसी में ही तैनात थे। उनका शव परिसर में स्थित रंगरूटों के खाली हॉस्टल में टीशर्ट के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पीएसी कमांडेंट राकेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत तथा थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। 

पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। मृतक के भाई अजय के अनुसार दीपक कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। बताया गया कि वह ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण आर्थिक समस्याओं में फंस गए और उनका मनोवैज्ञानिक से उपचार भी कराया गया था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपक तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। 

उनकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी और उनके परिवार में पत्नी तथा दो वर्षीय पुत्री है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। इस घटना से तीन माह पहले 12 मई को महिला सिपाही शिल्पी यादव का शव फंदे से लटका मिला था। मृतका ने सुसाइड नोट में निजी परेशानी का जिक्र किया था।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply