नई दिल्ली असम के हैलाकांडी जिले से एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां कुछ दरिंदों ने घर में अकेली 15 साल की किशोरी के साथ हैवानियत के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

घटना हैलाकांडी जिले के काटलीचेड़ा थाना क्षेत्र के अलोईचारा इलाके की है। शनिवार रात करीब 11 बजे पूरा परिवार पास ही रिश्तेदार के घर एक दावत में गया हुआ था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दावत के दौरान कजिन भाई से किसी बात पर बहस होने के बाद बच्ची अकेली अपने घर वापस आ गई थी। देर रात जब परिवार वाले घर पहुंचे, तो कमरे के फर्श पर बच्ची का शव पड़ा मिला। हमलावरों ने लड़की का सिर और चेहरा किसी भारी चीज से पूरी तरह कुचल दिया था। यही नहीं, दरिंदगी की हद पार करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे की रॉड डाल दी गई थी। परिजनों का कहना है कि हत्या से पहले बच्ची के साथ बलात्कार किया गया था। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और आक्रोशित लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नेशनल हाइवे जाम कर दिया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने एनएच6 पर सड़क जाम कर दिया और पुलिसप्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमिताभ सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गहनता से जांच की जा रही है। एसएसपी अमिताभ सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि परिजनों ने हत्या से पहले यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है, लेकिन मेडिकल पुष्टि के बिना अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। वहीं, इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


