IndiaPunjabTrending

‘मैं इस्तीफा बिल्कुल नहीं दूंगा…’ पत्रकारों के तीखे सवालों पर आगबबूला हुए वड़िंग, गुस्से में बीच में ही छोड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस

बठिंडा : पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का एक बार फिर गुस्से वाला अवतार देखने को मिला है। बठिंडा की गोनियाना मंडी में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान राजा वड़िंग पत्रकारों के तीखे सवालों पर इस कदर भड़क गए कि वह प्रेस कॉन्फ्रेंस को बीच में ही छोड़कर चलते बने। इस दौरान उनकी मीडियाकर्मियों के साथ जमकर तीखी बहस हुई, जिसने सियासी गलियारों में एक नई चर्चा छेड़ दी है।

‘मैं इस्तीफा बिल्कुल नहीं दूंगा…’ पत्रकारों के तीखे सवालों पर आगबबूला हुए वड़िंग, गुस्से में बीच में ही छोड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस

पत्रकारों से नाम लेकर उलझे प्रदेश अध्यक्ष

गोनियाना मंडी में ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ प्रोग्राम के खत्म होने के बाद जब मीडिया ने राजा वड़िंग से कुछ सख्त और चुभते हुए सवाल किए, तो वह अपना आपा खो बैठे। स्थिति यह हो गई कि तमतमाए वड़िंग एक नहीं, बल्कि तीनचार पत्रकारों के साथ उनके नाम लेकर सीधे उलझ पड़े। बहस के दौरान उन्होंने एक पत्रकार पर सरकार की बोली बोलने का तीखा आरोप लगा दिया। वहीं, एक अन्य पत्रकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उसे कांग्रेस की कुछ ज्यादा ही फिक्र है, आखिर वह पत्रकार है या कांग्रेस पार्टी का वर्कर?

‘मुश्किल वक्त में संभाली कमान, नहीं दूंगा इस्तीफा’

इस तीखी नोकझोंक के बीच तैश में आए राजा वड़िंग ने प्रदेश अध्यक्ष पद से अपने इस्तीफे की अटकलों पर भी पूरी तरह से विराम लगा दिया। उन्होंने सख्त लहजे में साफ किया कि वह अपने पद से बिल्कुल भी इस्तीफा नहीं देंगे। अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए वड़िंग ने कहा कि उन्होंने पंजाब कांग्रेस की कमान उस मुश्किल दौर में अपने हाथों में ली थी, जब कोई नेता पार्टी के लिए एक धरना तक लगाने को तैयार नहीं था। उन्होंने याद दिलाया कि उनके ही नेतृत्व में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 सांसदों को जीत का ताज पहनाया है।

तल्खी के बीच अधूरा छूटा कार्यक्रम

पत्रकारों और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के बीच हुई यह बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि प्रेस वार्ता का माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया। सवालों की बौछार से झल्लाए राजा वड़िंग ने इस तल्खबाजी के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस को बीच में ही खत्म कर दिया और कुर्सी छोड़कर वहां से रवाना हो गए। राजा वड़िंग का यह रवैया अब राजनीतिक हलकों में काफी सुर्खियां बटोर रहा है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply