दिसपुर : असम के हैलाकांडी जिले में 15 वर्षीय किशोरी की कथित दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे भी कुछ गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई है।

पुलिस के अनुसार, मृतका आरोपियों में से एक के साथ रिश्ते में थी। किशोरी का शव राष्ट्रीय राजमार्ग6 के पास स्थित उसके घर में मिला था। परिजनों का आरोप है कि उसके साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को पांच युवकों को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद सोमवार को 17 से 19 वर्ष आयु के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हैलाकांडी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक आरोपी की उम्र करीब साढ़े 17 वर्ष है। पुलिस ने अदालत से उसे वयस्क मानकर मुकदमा चलाने की अनुमति देने का अनुरोध किया है।
मृतका की मां ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य एक दावत में गए थे। वहां किशोरी की अपने चचेरे भाई के साथ कहासुनी हो गई, जिसके बाद वह रात करीब 10:30 बजे अकेले घर लौट आई। लगभग एक घंटे बाद जब परिवार घर पहुंचा तो वह मृत मिली। परिजनों ने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उनसे पूछताछ जारी है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी घर और परिवार की परिस्थितियों से परिचित थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
घटना के बाद हैलाकांडी और बराक घाटी क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने असम और मिजोरम को जोड़ने वाले एनएच6 को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग की।



