BusinessIndia

LIC में सरकार बेच रही हिस्सेदारी… निवेशकों और पॉलिसी वालों पर क्या होगा असर?

देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी, एलआईसी को लेकर एक बड़ी खबर है. केंद्र सरकार एलआईसी में अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचने जा रही है. अगर आपका पैसा LIC के शेयर में लगा है या फिर आपके घर में किसी के पास एलआईसी की पॉलिसी है, तो आपके मन में कई सवाल आ रहे होंगे. आइए समझते हैं कि आखिर सरकार अपनी हिस्सेदारी क्यों बेच रही है और इसका सीधा असर आप पर क्या पड़ेगा.

LIC में सरकार बेच रही हिस्सेदारी… निवेशकों और पॉलिसी वालों पर क्या होगा असर?

सरकार क्यों बेच रही है LIC के शेयर?

शेयर बाजार की निगरानी करने वाली संस्था सेबी का एक नियम है. इस नियम के मुताबिक, शेयर बाजार में मौजूद किसी भी कंपनी में कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा आम जनता के पास होना चाहिए. अभी में जनता के पास सिर्फ 3.5 प्रतिशत हिस्सा है. सेबी ने इसे बढ़ाने के लिए सरकार को मई 2027 तक का समय दिया है.

इसी नियम को पूरा करने के लिए सरकार अपने शेयर आम लोगों और बड़े निवेशकों को बेच रही है. सरकार शुरुआत में 2 प्रतिशत शेयर बेचेगी, लेकिन अगर मांग ज्यादा रही, तो 4.5 प्रतिशत शेयर और बेचे जाएंगे. अगर सारे शेयर बिक जाते हैं, तो सरकार को करीब 31,410 करोड़ रुपये मिलेंगे.

निवेशकों के लिए क्या है फायदा?

जो लोग शेयर बाजार में पैसा लगाते हैं, उनके लिए यह सस्ते में शेयर खरीदने का अच्छा मौका है. सोमवार को बाजार बंद होने पर एलआईसी के एक शेयर की कीमत 428.50 रुपये थी. लेकिन सरकार ने अपनी इस सेल के लिए शेयर की शुरुआती कीमत 382 रुपये तय की है. इसका मतलब है कि आपको बाजार भाव से करीब 11 प्रतिशत सस्ता शेयर मिल रहा है.

इसमें आम लोगों और एलआईसी के कर्मचारियों के लिए एक और फायदा है. उन्हें शेयर की फाइनल कीमत पर 15 रुपये की एक्स्ट्रा छूट भी दी जाएगी. बड़े निवेशकों के लिए यह सेल मंगलवार, 4 अगस्त को खुल चुकी है. वहीं, आम निवेशक और एलआईसी के कर्मचारी बुधवार, 5 अगस्त को इन शेयरों के लिए अपनी बोली लगा सकेंगे.

जिनके पास LIC पॉलिसी है, उनका क्या होगा?

अब आते हैं सबसे जरूरी सवाल पर. देश के जिन करोड़ों लोगों ने अपने और अपने परिवार के भविष्य के लिए एलआईसी की पॉलिसी ले रखी है, उन्हें बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है.

सरकार के शेयर बेचने से आपकी पॉलिसी, उस पर मिलने वाले बोनस या आपके किसी भी लाभ पर कोई असर नहीं पड़ेगा. आपकी पॉलिसी का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है और उस पर सरकार की गारंटी पहले की तरह ही लागू रहेगी. एलआईसी के नियम और आपके अधिकार जस के तस बने रहेंगे. यह पूरी प्रक्रिया सिर्फ शेयर बाजार के नियमों को पूरा करने के लिए की जा रही है, इसका आपके बीमे या पॉलिसी की सुरक्षा से कोई लेनादेना नहीं है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply