EPFO: पीएफ खाते से जुड़े किसी जरूरी काम को निपटाने की सोच रहे हैं, तो फिलहाल आपको अपनी योजना में थोड़ा बदलाव करना पड़ सकता है. ईपीएफओ ने अपने करोड़ों सब्सक्राइबर्स को अलर्ट करते हुए एक जरूरी जानकारी साझा की है. संगठन ने बताया है कि 5 अगस्त 2026 को उनकी ईऑफिस एप्लीकेशन की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी. इसका मतलब यह है कि तय समय के दौरान आप इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे.

ईऑफिस ऐप इस समय रहेगा पूरी तरह बंद
ईपीएफओ द्वारा 3 अगस्त 2026 को जारी किए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक, बुधवार को ईऑफिस की सेवाएं पूरी तरह से ठप रहेंगी. अगर सटीक समय की बात करें, तो यह रुकावट शाम 6:00 बजे से शुरू होकर रात 9:30 बजे तक जारी रहेगी. इस साढ़े तीन घंटे की विंडो में सब्सक्राइबर्स ईऑफिस ऐप को बिल्कुल भी एक्सेस नहीं कर सकेंगे. इसलिए अगर आपका कोई जरूरी काम पेंडिंग है, तो परेशानी से बचने के लिए उसे इस समय से पहले या फिर इसके बाद ही निपटाएं.
सिस्टम अपग्रेड से जुड़ी है ये तकनीकी वजह
आखिर इस सेवा को बीच में क्यों रोका जा रहा है? दरअसल, ईपीएफओ अपनी डिजिटल सेवाओं को और अधिक आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रहा है. यह अस्थायी रुकावट एक तय सिस्टम अपग्रेडेशन का ही हिस्सा है. नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर की ईऑफिस टीम इस खाली समय का इस्तेमाल प्लेटफॉर्म के कई अहम हिस्सों को अपडेट करने के लिए करेगी. इस प्रक्रिया में ईफाइल, पोर्टल, एमआईएस और एमडीएम के नए वर्जन इंस्टॉल किए जाएंगे. इस तकनीकी बदलाव का मुख्य मकसद आने वाले समय में लोगों को ज्यादा सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद सर्विस देना है.
पीएफ क्लेम पास होने में लग सकता है ज्यादा समय
आपको याद होगा कि इससे पहले जून के आखिरी हफ्ते में भी ईपीएफओ ने एम्प्लॉयर पोर्टल और उमंग ऐप पर एक बड़ा डेटाबेस माइग्रेशन किया था. ईपीएफओ ने अब वह जरूरी सॉफ्टवेयर अपग्रेड का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. हालांकि, नई व्यवस्था के तहत सेवाओं को धीरेधीरे लाइव किया जा रहा है. ईपीएफओ ने स्पष्ट किया है कि सिस्टम माइग्रेशन के बाद क्लेम और सर्विस रिक्वेस्ट को अतिरिक्त जांच के साथ पास किया जाएगा, ताकि कोई गलती न हो. इस वजह से अगले कुछ दिनों तक पीएफ क्लेम सेटल होने में सामान्य से थोड़ा ज्यादा वक्त लग सकता है. संस्था ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे व्यस्त समय के दौरान पोर्टल पर बारबार लॉगिन करने से बचें.
उमंग ऐप पर चालू रहेंगी ये जरूरी सुविधाएं
आजकल पीएफ से जुड़े ज्यादातर काम उमंग ऐप के जरिए आसानी से हो जाते हैं. सिस्टम अपग्रेड के कारण उमंग ऐप पर भी कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हुई हैं. इसके बावजूद राहत की बात यह है कि सदस्यों के लिए कुछ जरूरी सेवाएं अभी भी चालू रखी गई हैं. वर्तमान में आप यूएएन अलॉटमेंट और उसे एक्टिवेट करने का काम कर सकते हैं. इसके अलावा पहले से चालू यूएएन का फेस ऑथेंटिकेशन भी किया जा सकता है. अगर आप सिर्फ अपने खाते का बैलेंस या जानकारी चाहते हैं, तो एसएमएस और मिस्ड कॉल जैसी पारंपरिक सुविधाएं पहले की तरह ही काम कर रही हैं.



