
थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया (Air India) की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। कुछ समय तक विमान को तेज हवा के झटकों का सामना करना पड़ा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport) पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री व चालक दल के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए।
उड़ान के दौरान महसूस हुए तेज झटके
एअर इंडिया के अनुसार, खराब मौसम और तेज हवा के कारण विमान को कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई में भी हल्का बदलाव आया, लेकिन पायलट (Pilot) ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए उड़ान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली तक पहुंचाया।
कुछ यात्रियों और क्रू को आई मामूली चोटें
एयरलाइन ने बताया कि टर्बुलेंस के दौरान कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर सभी प्रभावित लोगों को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर ले जाकर स्वास्थ्य जांच कराई गई। फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
एअर इंडिया ने सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित यात्रियों को हर जरूरी चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मामले की जांच में अधिकारियों का सहयोग
एयरलाइन ने बताया कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच में सहयोग किया जा रहा है, ताकि टर्बुलेंस की परिस्थितियों और अन्य तकनीकी पहलुओं का आकलन किया जा सके।


