
Jhansi : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बबीना थाना क्षेत्र के इमलीपुरा में एक नवविवाहित जोड़े की गृहस्थी चंद पलों में उजड़ गई। महज आठ महीने पहले ही सात फेरे लेकर जीवनसाथी बने पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, वहीं पत्नी की मौत के बाद पति ने भी जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
मामूली कहासुनी के बाद पति ने खाया जहर
मामला झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इमलीपुरा मोहल्ले का है, जहां पति सागर साहू और उसकी पत्नी राधा के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई थी। यह मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर सागर ने जहरीला पदार्थ गटक लिया। तबीयत बिगड़ने पर घबराए परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे झांसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बनी हुई है।
घर लौटते ही पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम
इधर, पति को अस्पताल ले जाने के कुछ ही देर बाद घर पर अकेली मौजूद पत्नी राधा ने कमरे में फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस दुखद सूचना के मिलते ही बबीना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया और रील्स का शौक बना गृह क्लेश की वजह
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सागर और राधा की शादी करीब आठ महीने पहले ही हुई थी। राधा मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी, जबकि शादी के बाद दोनों मध्य प्रदेश के अशोकनगर में रह रहे थे। सागर एसी और फ्रिज की रिपेयरिंग का काम करता था, जबकि राधा एक प्राइवेट कंपनी में वर्क फ्रॉम होम जॉब करती थी। बताया जा रहा है कि राधा सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा एक्टिव रहती थी और उसे इंस्टाग्राम रील्स बनाने का भारी शौक था। यह दंपत्ति एक दिन पहले ही झांसी आए थे, लेकिन किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। फिलहाल पुलिस पति के होश में आने और उसके बयानों का इंतजार कर रही है ताकि इस खौफनाक कदम के असली कारणों का खुलासा हो सके।



