
अमृत विचार, सीतापुर। सीतापुर में पुलिस ने मोबाइल हैक कर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। महोली पुलिस और साइबर क्राइम थाना की संयुक्त टीम ने एपीके फाइल के जरिए लोगों के फोन में सेंध लगाने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग को दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 लैपटॉप, 6 स्मार्टफोन, 6 फर्जी सिम कार्ड और कूटरचित आधार व पैन कार्ड बरामद किए हैं।
APK फाइल से हैक करता था मोबाइल
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लोगों को टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से APK फाइल भेजता था। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड करता था, आरोपी उसके मोबाइल के मैसेज इनबॉक्स तक पहुंच बना लेता था। इसके बाद मोबाइल पर आने वाले OTP का इस्तेमाल कर वह पीड़ितों के बैंक खातों से पैसे ऑनलाइन वॉलेट में ट्रांसफर कर लेता था।
90 हजार रुपये की ठगी का मामला
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि 30 मई को पीड़ित सूर्यमणि मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मोबाइल हैक कर यूपीआई के माध्यम से करीब 90 हजार रुपये ऑनलाइन वॉलेट में ट्रांसफर कर दिए गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने सर्विलांस व लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से आरोपी को शाहजहांपुरसीतापुर हाईवे स्थित जगतार ढाबा, महोली क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया।
फर्जी पहचान से कर रहा था ठगी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूपेन्द्र पुत्र अमर सिंह ठाकुर, निवासी ईस्ट गोकलपुर, उत्तरपूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पहचान छिपाने के लिए ‘राम राजपूत’ नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था और इसी के जरिए साइबर ठगी को अंजाम देता था।
पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाली APK फाइल, लिंक या संदिग्ध एप्लीकेशन डाउनलोड न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर पुलिस को दें, ताकि ऑनलाइन ठगी से बचा जा सके।



