
लखनऊ, अमृत विचारः साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने तथा नागरिकों में वित्तीय साक्षरता विकसित करने के लिए विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बुधवार को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड के तत्वावधान में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज द्वारा उत्तर प्रदेश के साइबर मुख्यालय में एक वित्तीय साक्षरता एवं साइबर धोखाधड़ी के प्रति विभागीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम हाइब्रिड मोड में आयोजित किया गया, जिसमें साइबर मुख्यालय, साइबर पुलिस थानों एवं साइबर सेल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि प्रदेश के विभिन्न साइबर सेल एवं साइबर पुलिस थानों के अधिकारी वेबआधारित प्लेटफॉर्म के माध्यम से वर्चुअल रूप से जुड़े। सेबी की डीजीएम मृदुल रस्तोगी ने आज के डिजिटल युग में वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने साइबरसक्षम वित्तीय धोखाधड़ी की बढ़ती जटिलता, ठगों द्वारा अपनाई जाने वाली सामान्य कार्यप्रणाली तथा नागरिकों द्वारा अपनाए जाने वाले निवारक उपायों पर विस्तार से चर्चा की। इस पहल का आयोजन एवं समन्वय सीएस श्रुति शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम बीके सिंह भी मौजूद रहे।



