TrendingUttar Pradesh

UP Assembly : हंगामे की भेंट चढ़ा मानसून सत्र, तय समय से पहले खत्म; 59,019 करोड़ का अनुपूरक बजट समेत 12 विधेयक पारित

UP Assembly : हंगामे की भेंट चढ़ा मानसून सत्र, तय समय से पहले खत्म; 59,019 करोड़ का अनुपूरक बजट समेत 12 विधेयक पारित

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश विधानसभा का वर्ष 2026 का तृतीय सत्र विपक्ष के लगातार हंगामे और व्यवधान के बीच निर्धारित समय से एक दिन पहले ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। तीन दिवसीय सत्र में सरकार ने 59,019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश करने के साथ ही 12 विधेयक पारित कराए।

हालांकि, विपक्ष के विरोध के चलते सदन की प्रभावी कार्यवाही सीमित रही। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस ब्रीफ के अनुसार, 3 से 5 अगस्त तक चले सत्र में सदन की कुल कार्यवाही 5 घंटे 32 मिनट चली। इसमें 2 घंटे 49 मिनट हंगामे और स्थगन की वजह से प्रभावित रहे। इस तरह सदन की प्रभावी कार्यवाही केवल 2 घंटे 43 मिनट ही हो सकी।

12 विधेयकों को मिली मंजूरी

सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश विनियोग विधेयक समेत कुल 12 विधेयक पेश कर पारित किए गए। इनमें राज्य कर संहिता संशोधन विधेयक, लोक सेवा अधिकरण संशोधन विधेयक, निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक और पंजीकरण एवं स्टाम्प संशोधन विधेयक सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक शामिल रहे।

435 याचिकाएं, 95% से ज्यादा प्रश्न ऑनलाइन

विधानसभा सचिवालय के अनुसार, इस सत्र में कुल 435 याचिकाएं प्राप्त हुईं। इनमें से 282 याचिकाएं ग्राह्य, 49 अग्राह्य और 104 याचिकाएं समय सीमा के बाद प्राप्त होने के कारण व्यपगत घोषित की गईं। नियम103 के तहत सात प्रस्ताव प्राप्त हुए और सभी को ग्राह्य माना गया।

सत्र के दौरान प्रश्नों की प्रक्रिया भी डिजिटल माध्यम से संचालित हुई। कुल 2,427 प्रश्न प्राप्त हुए, जिनमें 2,322 प्रश्न ऑनलाइन दाखिल किए गए। इनमें 490 तारांकित और 1,466 अतारांकित प्रश्न स्वीकार किए गए। सरकार की ओर से 120 तारांकित और 838 अतारांकित प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराए गए।

विपक्ष की अधिकांश सूचनाएं नहीं हुईं स्वीकार

विधानसभा सचिवालय के आंकड़ों के मुताबिक, विपक्ष की ओर से विभिन्न नियमों के तहत दी गई अधिकांश सूचनाएं स्वीकार नहीं की गईं। नियम51 के तहत 233, नियम56 के तहत 17, नियम300 के तहत चार, नियम301 के तहत 167 और नियम311 के तहत तीन सूचनाएं प्राप्त हुईं, लेकिन इनमें से कोई भी ग्राह्य नहीं हुई।

तीन दिवसीय सत्र की प्रमुख उपलब्धियां

कुल बैठकें: 3
सदन की कुल कार्यवाही: 5 घंटे 32 मिनट”
हंगामे और स्थगन की अवधि: 2 घंटे 49 मिनट
प्रभावी कार्यवाही: 2 घंटे 43 मिनट
पारित विधेयक: 12
अनुपूरक बजट: 59,019.54 करोड़ रुपये
कुल याचिकाएं: 435
ग्राह्य याचिकाएं: 282

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply