CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

महिला डॉक्टर का सनसनीखेज आरोप: नशीला पदार्थ देकर बनाए अश्लील वीडियो, बिना तलाक पति ने रचाई दूसरी शादी, जाने पूरा मामला

महिला डॉक्टर का सनसनीखेज आरोप: नशीला पदार्थ देकर बनाए अश्लील वीडियो, बिना तलाक पति ने रचाई दूसरी शादी, जाने पूरा मामला

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक महिला डॉक्टर ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने दहेज उत्पीड़न, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, बिना तलाक दूसरी शादी करने और हत्या की कोशिश जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बस्ती में चिकित्सक के पद पर कार्यरत पीड़िता ने बताया कि उनकी शादी 29 नवंबर 2019 को छत्तीसगढ़ निवासी एक एनेस्थेसियोलॉजिस्ट डॉक्टर से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन विवाह के तुरंत बाद ही फॉर्च्यूनर कार की मांग को लेकर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

महिला डॉक्टर का दावा है कि उनका पति कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देता था और इस दौरान आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लेता था। बाद में इन्हीं वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता रहा।

पीड़िता के अनुसार, वैवाहिक संबंध बचाने के उद्देश्य से उनके परिवार ने 28 मार्च 2022 को फॉर्च्यूनर खरीदने के नाम पर 32.50 लाख रुपये भी दिए, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना नहीं रुकी। उन्होंने आरोप लगाया कि पति ने उनकी 20 लाख रुपये की एफडी भी तुड़वा दी, जिसमें से 10 लाख रुपये अपने पास रख लिए।

महिला डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया कि पति के कई महिलाओं से संबंध हैं और उसने बिना तलाक दिए दूसरी महिला डॉक्टर से शादी कर ली। विरोध करने पर 7 मई 2026 को पति और ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर उनके गले में रस्सी बांधकर पंखे से लटकाकर हत्या की कोशिश की। रस्सी टूट जाने से उनकी जान बच गई। इसके बाद उन्हें दोनों बच्चों सहित घर से निकाल दिया गया।

इस मामले में सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि महिला डॉक्टर की शिकायत के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, हत्या के प्रयास, मारपीट, बिना तलाक दूसरी शादी समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply