Jharkhand Student Protest: झारखंड में JPSC समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने सरकार से बातचीत की सहमति जताई है। हालांकि, उन्होंने शर्त रखी है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद उनसे बातचीत करें और बैठक के दौरान कम से कम दो मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहें।

छात्र नेता रविंद्र पासवान ने बताया कि बुधवार को सरकार का प्रस्ताव लेकर पहुंचे एसडीओ ने छात्र प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम मांगे हैं। इसके बाद बैठक की तारीख और समय तय किया जाएगा। छात्रों का आरोप है कि सरकार केवल पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बुलाकर आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का धरना लगातार 13वें दिन भी जारी रहा। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो समेत छह छात्र आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि पूरे मामले की जांच CBI और ED से कराई जाए। उधर, जांच एजेंसी CID ने बुधवार देर रात पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही परीक्षा गड़बड़ी मामले में अब तक कुल 19 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
आंदोलन की वजह क्या है?
2 जुलाई को झारखंड लोक सेवा आयोग ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया था, जिसमें 2,204 अभ्यर्थियों का चयन मुख्य परीक्षा के लिए हुआ। इसके बाद कई उम्मीदवारों ने चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए।
विवाद तब और बढ़ गया जब सोशल मीडिया पर एक अभ्यर्थी की कथित OMR शीट वायरल हुई। दावा किया गया कि उसने केवल 48 प्रश्न हल किए, फिर भी उसे मुख्य परीक्षा के लिए चयनित कर लिया गया। साथ ही रिजल्ट पर आयोग के अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं होने पर भी सवाल उठे। बढ़ते विवाद के बीच JPSC ने मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी।
ये भी पढ़ें:
बुधवार के प्रमुख घटनाक्रम
- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संदेश लेकर एसडीओ कुमार रजत और एडीएम धनंजय कुमार छात्र प्रदर्शन स्थल पहुंचे।
- छात्रों से बातचीत के लिए सरकार ने चार मंत्रियों की समिति बनाई।
- मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ बैठक कर आंदोलन खत्म कराने के लिए रणनीति पर चर्चा की।
- छात्र नेताओं को वार्ता का न्योता भेजा गया, लेकिन पहली कोशिश में सहमति नहीं बन सकी।
आमरण अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल पर बात की। उनकी अपील पर देवेंद्र ने पानी पिया, लेकिन साफ कहा कि उनका अनशन जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें:



