
शिवगढ़/रायबरेली। रायबरेली जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के लालगंज मजरे बहुदाखुर्द में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में सीमेन्टड टीन शेड में लगे पाइप में साड़ी के फंदे से अधेड़ का शव लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक शिवगढ़ थाना क्षेत्र कोइली खेड़ा मजरे चितवनियां गांव का रहने वाले रामपाल पुत्र श्रीराम लगभग 10 वर्षों से लालगंज मजरे बहुदाखुर्द में अपनी ससुराल में रहते थे। गुरुवार की सुबह जिसका शव फंदे से लटकता मिलने से हड़कम्प मच गया।
घटना के समय घर पर नहीं थी पत्नी
बताते हैं कि घटना के समय रामपाल पत्नी रुपरानी घर में नहीं थी। वह एक दिन पहले बुधवार की सुबह अपनी पहली ससुराल भवानीगढ़ गई थी। गुरुवार को पति की मौत की सूचना पर वह अपने मैके लालगंज पहुंची। ग्रामीणों के मुताबिक रूपरानी की पहली शादी थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ से हुई थी। करीब 12 वर्ष पूर्व पहले पति की मौत हो गई थी जिसके बाद रुपरानी ने दूसरी शादी रामपाल के साथ की थी। शादी के बाद से करीब 10 वर्षों से मृतक रामपाल पत्नी रूपरानी के साथ अपनी ससुराल में रहता था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि शव पीएम के लिए भेज दिया गया है प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का लग रहा है हालांकि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।



