झांसी उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है सभी कार सवार प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक के बड़े बेटे अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, हादसा झांसीकानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूछ थाना क्षेत्र के के पास हुआ। प्रयागराज से झांसी आ रही क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि हादसे में अतीक के बेटे अबान समेत दो की मौत हो गई। अन्य घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी प्रयागराज के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से ठीक पहले हाईवे पर अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक की पहचान अतीक अहमद के पुत्र अबान अहमद के रूप में हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जांच जारी है। गौरतलब है कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान अहमद और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को वहां से रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था। वर्तमान में अतीक अहमद का बड़ा बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है, जिससे मिलने के लिए परिवार के सदस्य प्रयागराज से रवाना हुए थे।
‘मिट्टी में मिला देंगे’: ऐसे हुआ डॉन का अंत
सालों तक उमेश पाल अतीक के खिलाफ डटा रहा। अतीक जेल में था, लेकिन उसका नेटवर्क बाहर काम कर रहा था। 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में दिनदहाड़े उमेश पाल की बम और गोलियों से हत्या कर दी गई। इस घटना ने यूपी की सियासत में भूचाल ला दिया। विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने गरजते हुए कहा “माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे।” इसके बाद यूपी पुलिस और एसटीएफ का ऐसा एक्शन शुरू हुआ, जिसने अतीक के साम्राज्य को जड़ से उखाड़ फेंका।
13 अप्रैल 2023: उमेश पाल हत्याकांड में शामिल अतीक के तीसरे बेटे असद का झांसी में एसटीएफ ने एनकाउंटर कर दिया।
15 अप्रैल 2023: बेटे को सुपुर्दएखाक किए जाने के कुछ घंटों बाद ही, प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल के बाहर मीडिया के कैमरों के सामने पुलिस कस्टडी में अतीक और उसके भाई अशरफ की तीन लड़कों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी।
अब अतीक के परिवार में कौनकौन बचा है?
अतीक अहमद के 5 बेटे थे। भाई और खुद की मौत के बाद अतीक का पूरा परिवार आज या तो जेल में है, फरार है या कब्र में जा चुका है।
शाइस्ता परवीन : उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही अतीक की पत्नी शाइस्ता फरार है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम है और पुलिस आज तक उसे नहीं खोज पाई है।
उमर : लखनऊ के एक बिल्डर के अपहरण और देवरिया जेल कांड के आरोप में उमर फिलहाल लखनऊ जेल में बंद है।
अली अहमद : रंगदारी और हत्या के प्रयास के मामलों में अली नैनी सेंट्रल जेल में बंद है।
असद : उमेश पाल हत्याकांड में गोली चलाते हुए दिखा था। पुलिस ने झांसी में एनकाउंटर में इसे मार गिराया था।
अहजाम : मातापिता के फरार होने और मारे जाने के बाद यह बाल सुधार गृह में था। बाद में इसे अतीक की बहन को सौंप दिया गया था।
अबान : हाल ही में सामने आई खबर के मुताबिक, अपने जेल में बंद भाई से मिलने जाते वक्त झांसी में एक कार एक्सीडेंट में अबान की भी मौत हो गई है।



