
देवरिया। उत्तर प्रदेश में देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण एवं लापरवाही बरतने के आरोप में गुरूवार को जिले के पांच प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। हुलगी ने आज कहा कि आईजीआरएस प्रकरणों की नियमित समीक्षा एवं फीडबैक में शिकायतकर्ताओं की असंतुष्टि तथा निस्तारण में खामियां पाई गईं।
समीक्षा में महिला नसबंदी के बावजूद गर्भधारण के दावे के प्रकरण में बैतालपुर, अधिकारियों द्वारा पद के दुरुपयोग की शिकायत में सलेमपुर, अपात्र लाभार्थी का आयुष्मान कार्ड निरस्तीकरण में लार, आशा कार्यकर्ता चयन की शिकायत में बनकटा तथा निजी अस्पताल द्वारा अधिक बिल वसूली के मामले में देसही देवरिया के प्रभारी चिकित्साधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आईजीआरएस प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जायेगी।



