
राजमुंदरी: आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी शहर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जीएसएल मेडिकल कॉलेज की 28 वर्षीय छात्रा मॉल में फिल्म देखने पहुंची थीं, जहां पार्किंग में हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दो युवकों ने गुस्से में कार से छात्रा को टक्कर मार दी और फिर उसके सिर पर वाहन चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका एवी अप्पाराव रोड स्थित एक मॉल में फिल्म देखने गई थीं। पार्किंग में वाहन खड़ा करने के दौरान उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद दोनों युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद कार लेकर लौटे।
स्कूटी का पीछा कर मारी टक्कर
आरोप है कि दोनों युवकों ने तेज रफ्तार कार से प्रियंका की स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गईं। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर कार उनके सिर के ऊपर से गुजार दी, जिससे उन्हें बेहद गंभीर चोटें आईं।
हैदराबाद रेफर, डॉक्टरों ने किया ब्रेन डेड घोषित
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया।
दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
प्रकाश नगर थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी घटना के समय नशे की हालत में थे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



