
डिंडौरी: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में गुरुवार को एक महिला ने पारिवारिक तनाव के चलते नर्मदा नदी पर बने बड़े पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने बिना अपनी जान की परवाह किए तेज बहाव वाली नदी में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी सतर्कता और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुल पर रोती रही महिला, परिजनों से की बात
जानकारी के मुताबिक, करीब 28 से 30 वर्ष की महिला ससुराल में चल रहे विवाद से मानसिक रूप से परेशान थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह कुछ देर तक पुल पर बैठकर रोती रही। इस दौरान उसने वहां मौजूद एक व्यक्ति का मोबाइल लेकर अपने परिजनों से बातचीत की। बातचीत समाप्त होने के कुछ ही देर बाद उसने नदी में छलांग लगा दी। घटना देखते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और मदद के लिए दौड़ पड़े।
करीब 100 मीटर बहने के बाद सुरक्षित निकाली गई
महिला तेज बहाव में काफी दूर तक बह गई थी। उसी समय मौके पर मौजूद योगेश कुमार पंचभाय और उनके साथियों ने तुरंत नदी में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने महिला तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू में शामिल योगेश कुमार ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ लौट रहे थे, तभी उन्होंने महिला को नदी में गिरते देखा। बिना देर किए सभी ने मिलकर उसे बचाने का प्रयास किया और सफलतापूर्वक किनारे तक ले आए।
दो छोटे बच्चों की मां है महिला
प्रत्यक्षदर्शी गुलाब बाई के अनुसार, महिला काफी देर से रो रही थी और मानसिक तनाव में दिखाई दे रही थी। नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे एक युवक ने उसकी पहचान कुकर्रामठ गांव की निवासी के रूप में की। बताया गया कि महिला दो छोटे बच्चों की मां है और ससुराल में चल रहे पारिवारिक विवाद से परेशान होकर एक दिन पहले घर से निकल गई थी।
परिजन महिला को घर ले गए, पुलिस को दी गई सूचना
महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए। घटना की सूचना डिंडौरी कोतवाली पुलिस को भी दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।



