IndiaTrendingUttar Pradesh

बाप बना जल्लादः बेटी पसंद नहीं थी तो फांसी पर लटका दिया, पत्नी के मायके जाते ही उठाया खौफनाक कदम

हावड़ा पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डोमजूर थाना क्षेत्र के सलप तेतुलकुली इलाके में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है। परिजनों ने पिता पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है, जबकि आरोपी ने सभी आरोपों से इनकार किया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। लड़की के मामा पक्ष की तरफ से आरोप लगाए गए हैं कि पिता अरुप मंडल ने मच्छरदानी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की और फिर फांसी लगा दी।

बाप बना जल्लादः बेटी पसंद नहीं थी तो फांसी पर लटका दिया, पत्नी के मायके जाते ही उठाया खौफनाक कदम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता ने अपनी पत्नी के मायके जाने का इंतजार किया। इसके बाद वह बच्ची को समय से पहले स्कूल से घर ले आया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसने बच्ची की हत्या कर दी। गंभीर हालत में बच्ची को हावड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटी के साथ जन्म से करता था दुर्व्यवहार : मामा पक्ष

मृत बच्ची के मामा ने आरोप लगाया कि बेटी के जन्म के बाद से ही आरोपी पिता उसके साथ भेदभाव और दुर्व्यवहार करता था। उनका कहना है कि परिवार में बेटे के जन्म के बाद पिता बेटी को पसंद नहीं करता था और उसे रास्ते से हटाने की योजना बना रहा था। मामा पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने मच्छरदानी की रस्सी से बच्ची का गला घोंटकर उसकी हत्या की और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

पत्नी के चरित्र पर करता था संदेह

परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी कारण परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। उनका दावा है कि पिता का गुस्सा मासूम बच्ची पर भी निकलता था। आरोपी पेशे से फूड टेक्नोलॉजिस्ट बताया जा रहा है।

आरोपी ने आरोपों से किया इनकार

गिरफ्तार आरोपी पिता ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवार के सदस्यों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply