
प्रयागराज। माफिया और पूर्व सांसद दिवंगत अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए उसके भाइयों को इलाहाबाद हाईकोर्ट से पेरोल मिल गई है। कोर्ट ने झांसी जेल में बंद अली और लखनऊ जेल में बंद उमर को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी है।
अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अनुमति
न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद्र सामंत की पीठ ने अतीक अहमद की बहन परवीन कुरैशी की याचिका पर सुनवाई करते हुए दोनों को पेरोल मंजूर की। सुनवाई के दौरान बताया गया कि अबान का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में किया जाएगा। अबान अहमद की गुरुवार को झांसी में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे में उसके दोस्त सोनू की भी जान चली गई थी, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हुए थे।
सड़क हादसे में हुई थी अबान की मौत
जानकारी के मुताबिक, अबान अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाई से मिलने जा रहा था। इसी दौरान झांसीकानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुंछ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस दुर्घटना में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि आजम, मोहम्मद जावेद और उमर घायल हो गए।
अतीक की कब्र के पास तैयार अबान की कब्र
अबान का शव शुक्रवार सुबह प्रयागराज स्थित उसकी बुआ परवीन कुरैशी के घर लाया गया। परिजनों ने बताया कि अबान की कब्र कसारी मसारी कब्रिस्तान में अतीक अहमद की कब्र के पास तैयार की गई है। इसी कब्रिस्तान में अतीक के भाई अशरफ और बेटे असद को भी दफनाया गया है।
अबान के जनाजे में शामिल होंगे दोनों भाई
अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए उसके भाइयों उमर और अली की ओर से अदालत से अनुमति मांगी गई थी। हाईकोर्ट ने परिस्थितियों को देखते हुए दोनों को पेरोल देने का आदेश दिया। गौरतलब है कि अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज के एक अस्पताल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।


