IndiaPunjabTrending

जालंधर में कार कैंटर से टकराई, 3 युवकों की मौके पर मौत; 2 शव कार में फंसे-एक सड़क पर गिरा

जालंधर : जालंधर में शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क पर खड़े कैंटर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसकी छत टूटकर अलग हो गई। हादसे के दौरान एयरबैग भी खुल गए।

जालंधर में कार कैंटर से टकराई, 3 युवकों की मौके पर मौत; 2 शव कार में फंसे-एक सड़क पर गिरा

हादसा मकसूदां क्षेत्र में भगत सिंह कॉलोनी के पास बल अस्पताल के नजदीक हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर खड़े कैंटर से कार की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दो युवकों के शव कार की फ्रंट सीट पर फंसे मिले, जबकि तीसरा युवक पिछली सीट पर बैठा था और उसका शव टक्कर के बाद सड़क पर जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

SHO राकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैंटर हाईवे पर खड़ा था। आशंका है कि कैंटर चालक रास्ता भटक गया था या फिर नशे की हालत में वाहन को सड़क पर खड़ा करके मौके से चला गया। हादसे के बाद कैंटर चालक फरार है।

पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मृतकों के परिजनों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक परिजनों का संबंध लम्मे पिंड/रंधावा क्षेत्र से बताया जा रहा है। पुलिस उनसे संपर्क करने में जुटी है।

हादसे की असली वजह पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, कैंटर के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कैंटर हाईवे पर किस वजह से खड़ा था।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply