नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानूनव्यवस्था वेंटिलेटर पर है और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में माफिया का दबदबा है और जेलें उसके अघोषित कार्यालय ही नहीं, अब स्टूडियो भी बन चुकी हैं।

चुग ने कहा कि अवैध खनन के जरिए पंजाब के संसाधनों की खुली लूट हो रही है। अरविंद केजरीवाल ने हर साल 20 हजार करोड़ रुपये राजस्व का वादा किया था, लेकिन सरकार 800900 करोड़ रुपये भी खजाने में नहीं ला सकी।
बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर चुग ने कहा कि महिलाओं को बालों और कपड़ों से घसीटकर पीटा गया। उन्होंने मांग की कि मामले की न्यायिक जांच हो और दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
पेपर लीक के मुद्दे पर चुग ने कहा कि चार वर्षों में पंजाब में छठी पेपर लीक की घटना सामने आई है। उन्होंने पीएसएसएसबी की मेरिट सूची में रोल नंबर 125154 पर ‘स्टेट बैंक ऑफ इंडिया’ जैसे नाम दर्ज होने का हवाला देते हुए भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
कानूनव्यवस्था पर हमला बोलते हुए चुग ने कहा कि पंजाब में हत्या, नशा तस्करी, स्नैचिंग, रंगदारी और ग्रेनेड हमलों की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगस्टर जेलों के भीतर से इंटरव्यू दे रहे हैं और आपराधिक नेटवर्क जेलों से संचालित हो रहे हैं।
नशे के मुद्दे पर चुग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को चुनौती देते हुए कहा, “मुख्यमंत्री पहले अपना डोप टेस्ट कराएं, दूसरा टेस्ट मैं कराऊंगा।” उन्होंने सभी दलों के नेताओं और पुलिस अधिकारियों के डोप टेस्ट की भी मांग की।
चुग ने कर्मचारियों के डीए और पेंशन बकाये, छात्रवृत्ति, अवैध खनन और भर्ती परीक्षाओं की जांच की मांग करते हुए कहा कि पंजाब की जनता को बयान नहीं, जवाब; बहाने नहीं, न्याय और प्रचार नहीं, पारदर्शिता चाहिए।



