
अमेठी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के अमेठी में शनिवार देर रात बहुजन समाज पार्टी नेता शशिकांत तिवारी पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने लाठीडंडों और ईंटपत्थरों से उनकी कार में तोड़फोड़ की।
बसपा नेता ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मामले में शशिकांत तिवारी ने गौरीगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने गौरीगंज से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह के करीबियों पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के जामो रोड की है। वार्ड नंबर22 निवासी बसपा नेता शशिकांत तिवारी शनिवार रात करीब 10:30 बजे अपनी कार से घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को रोककर लाठीडंडों और ईंटपत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से कार क्षतिग्रस्त हो गई।
शशिकांत तिवारी का आरोप है कि दो दिन पहले गौरीगंज से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने ब्राह्मणों को लेकर एक बयान दिया था। इसके विरोध में उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी थी। बसपा नेता का कहना है कि इसके बाद ही उन पर हमला किया गया। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में सपा विधायक की टीम पर हमला करवाने का आरोप लगाया है।
शशिकांत तिवारी पूर्व में बसपा के जिला प्रवक्ता रह चुके हैं। उनकी पत्नी रागिनी तिवारी ने वर्ष 2022 में अमेठी विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। जिले में शशिकांत तिवारी की पहचान बसपा के प्रमुख नेताओं में होती है।वहीं, गौरीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



