TrendingUttar Pradesh

Hardoi Crime : बिजली गुल होते ही 6 घरों में घुसे चोर, 6 घंटे में 16 लाख का माल-जेवर पार

Hardoi Crime : बिजली गुल होते ही 6 घरों में घुसे चोर, 6 घंटे में 16 लाख का माल-जेवर पार

हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के पोहकर पुरवा गांव में शनिवार रात बिजली गुल होते ही चोरों ने जमकर तांडव मचाया। शातिर चोर एकएक कर छह घरों में दाखिल हुए और करीब छह घंटे के भीतर लाखों रुपये के जेवर और नकदी समेटकर फरार हो गए। पीड़ितों के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत करीब 16 लाख रुपये है। सुबह घटना का पता चलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

बिजली गुल होते ही शुरू हुआ चोरी का सिलसिला

बताया गया कि शनिवार रात करीब एक बजे पूरे गांव की बिजली चली गई। इसी दौरान चोर दबे पांव गांव में दाखिल हुए। गहरी नींद में सो रहे ग्रामीणों को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरों ने एक के बाद एक छह घरों को निशाना बनाया। हिमांशु बाजपेई ने बताया कि उनकी मां और पत्नी छत पर सो रही थीं। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और बक्सा उठाकर खेत में ले गए। वहां कुंडा तोड़कर उसमें रखे 20 हजार रुपये, सोने की चार पेंडल वाली मालाएं, एक जोड़ी सोने की चूड़ी, अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल और तीन जोड़ी बिछिया चोरी कर लीं।

छह घरों से नकदीजेवर चोरी

इसके बाद चोरों ने संजय पाल के घर को निशाना बनाया। यहां से सोने के एक जोड़ी कुंडल, दो अंगूठियां, एक पेंडल, ओम लिखा लॉकेट, एक जोड़ी चांदी की पायल और 2,600 रुपये नकद चोरी कर लिए। सुनील कुमार के घर से करीब 150 ग्राम चांदी की पायल, पांच जोड़ी बिछिया और पांच हजार रुपये चोरी किए गए। वहीं संग्राम पाल के घर से दो हजार रुपये नकद पार कर दिए। परशुराम के घर में चोरों ने सामान खंगाला। घर में सामान बिखरा मिला और एक खाली पर्स पड़ा था। पीड़ित के मुताबिक पर्स में रखे एक हजार रुपये चोरी हो गए।

घर में नहीं घुस सके तो बाहर से लगाया कुंडा

चोरों ने पड़ोस के चक्रपाल के घर में भी घुसने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद चोरों ने बाहर से गेट में कुंडा लगा दिया और फरार हो गए। ग्रामीणों को घटना का पता भोर करीब पांच बजे नींद खुलने पर चला। इसके बाद चोरी की जानकारी पूरे गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और पीड़ित परिवारों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply