
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र के ग्राम बीबीपुर नकटौली की बेटी गरिमा पटेल ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर शैक्षिक क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। लखनऊ विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में स्नातक के दौरान तीन स्वर्ण पदक हासिल करने वाली गरिमा का चयन अब बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के माध्यम से इतिहास विषय में सहायक प्रोफेसर के पद पर हुआ है।
गरिमा ने सीतापुर के महमूदाबाद स्थित सीता बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। हाईस्कूल में 90 और इंटरमीडिएट में 82 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद लखनऊ विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातक की पढ़ाई पूरी कर 80.89 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। गरिमा पढ़ाई के साथ 63 यूपी बटालियन एनसीसी, लखनऊ विश्वविद्यालय की कैडेट भी रहीं और सी प्रमाणपत्र हासिल किया।
मेरिटकममीन्स छात्रवृत्ति भी मिली
उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया और वर्ष 2026 में इतिहास विषय में 84.4 प्रतिशत अंक के साथ परास्नातक पूरा किया। सर्वाधिक अंक हासिल करने पर उन्हें डॉ. उषा रानी बंसल मेरिटकममीन्स छात्रवृत्ति भी मिली। गरिमा की उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मातापिता के सहयोग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया।



