TrendingUttar Pradesh

Barabanki News : ‘वार्तालाप’ में फेक न्यूज पर मंथन, फैक्ट-चेकिंग के बताए तरीके

Barabanki News : ‘वार्तालाप’ में फेक न्यूज पर मंथन, फैक्ट-चेकिंग के बताए तरीके

बाराबंकी, अमृत विचार। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय लखनऊ की ओर से रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में पत्रकारों के लिए मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ आयोजित की गई। इसमें फेक न्यूज व भ्रामक सूचनाओं की पहचान, फैक्टचेकिंग, डिजिटल टूल्स के उपयोग तथा केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि पद्मश्री किसान रामसरन वर्मा ने कहा कि किसान भारत की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

कृषि नीति का उद्देश्य उत्पादन बढ़ाने के साथ किसान की आय, सुरक्षा, सिंचाई, बाजार और आधुनिक तकनीक तक पहुंच मजबूत करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जानकारी दी। पीआईबी लखनऊ के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल ने कहा कि फेक न्यूज वायरस की तरह तेजी से फैलकर समाज को प्रभावित कर सकती है। पत्रकारों को किसी भी सूचना को प्रसारित करने से पहले तथ्यों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने ‘वार्तालाप’ को बताया सराहनीय पहल

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों में फेक न्यूज के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पीआईबी की पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने ‘वार्तालाप’ जैसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई। लखनऊ विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर मुकुल श्रीवास्तव ने वायरल फोटो, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता जांचने तथा डिजिटल टूल्स से फैक्टचेकिंग के व्यावहारिक तरीके बताए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि पत्रकार सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव कुमार सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी जनजन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका को अहम बताया। कार्यशाला में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित प्रमाणित जानकारी भी पत्रकारों को उपलब्ध कराई गई।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply